चारधाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने की तिथि हुई तय

देहरादून: देवभूमि में स्थित चारधाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने की तिथि तय हो गई हैं। केदारनाथ धाम के कपाट नौ नवंबर, बदरीनाथ धाम के कपाट 20 नंवबर को, गंगोत्री धाम के कपाट 8 नवंबर और यमुनोत्री धाम के कपाट नौ नवंबर को बंद किए जाएंगे।

केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए नौ नवंबर को होंगे बंद

विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट भैयादूज पर्व पर नौ नवंबर को सुबह साढ़े आठ बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। केदारनाथ में नौ नवंबर को सुबह चार बजे भगवान को भोग लगाने के साथ समाधि पूजा होगी और ठीक साढ़े आठ बजे मुख्य कपाट बंद होने के बाद बाबा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास ओंकारेश्वर मंदिर के लिए प्रस्थान करेगी। मंदिर समिति के कार्याधिकारी एनपी जमलोकी ने बताया कि इसके लिए मंदिर समिति के कर्मचारी तैयारियों में जुट गए हैं।

बदरीनाथ धाम के कपाट 20 नवंबर को होंगे बंद

विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट बंद 20 नवंबर को तीसरे पहर 3 बजकर 21 मिनट बंद होंगे। 16 नवंबर से कपाट बंद होनी की प्रक्रिया के तहत पंच पूजाएं होंगी। शनिवार को मंदिर में मुख्य प्रांगण में बदरीनाथ धाम के मुख्य पुजारी रावलजी और धर्माधिकारी व वेदपाठीयो ने बदरीनाथ की कपाट बंद की पंचांग गणना की इसके बाद बदरीनाथ के कपाट बंद करने के शुभ दिनों को देखा गया, जिसमें से 20 नवंबर को उत्तम दिन बताते हुए धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल ने रावलजी से तिथि पर चर्चा की। इसके बाद 20 नवंबर तीसरे पहर 3 बजकर 21 मिनट पर कपाट बंद करने को सुनिश्चित किया गया।

गंगोत्री के कपाट शुभ मुहूर्त पर आठ नवंबर को होंगे बंद

विश्व प्रसिद्ध गंगोत्रीधाम के कपाट बंद होने का शुभ मुहूर्त तय हो गया है। गंगोत्री धाम के कपाट 8 नवंबर को दोपहर 12.30 मिनट पर बंद होंगे। कपाट बंद होने के बाद देश-विदेश के श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास मुखीमठ (मुखवा) में कर सकेंगे।

नौ नवंबर को बंद होंगे यमुनोत्री धाम के कपाट
यमुनोत्री मंदिर के कपाट नौ नंवबर को बंद होंगे। अभी कपाट बंद होने का शुभ मुहूर्त तय नहीं हुआ है। गंगोत्री धाम के कपाट बंद करने का शुभ मुहूर्त 17 अक्टूबर बुधवार को नवरात्र के शुभ अवसर पर तीर्थ पुरोहितों ने निकाला। जिसके बाद मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने कपाट बंद करने की शुभ तिथि और शुभ समय की औपचारिक घोषणा भी की।

अब तक 16.71 लाख यात्री कर चुके बदरी-केदार दर्शन

मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि इस वर्ष अब तक 16 लाख 71 हजार 363 यात्री बदरी-केदार धाम पहुंच चुके हैं। बीते वर्ष यह संख्या 13 लाख 91 हजार 699 थी। बताया कि सोमवार तक नौ लाख 67 हजार 636 यात्री बदरीनाथ और सात लाख तीन हजार 727 यात्री केदारनाथ पहुंच चुके हैं। अभी कपाट बंद होने में काफी समय बचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *