नहीं रहे तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक पंकज बनर्जी

 कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक पंकज बनर्जी का शुक्रवार को निधन हो गया। कुछ दिनों से वह बीमार चल रहे थे। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार की सुबह तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें महानगर के एक निजी अस्पताल भर्ती किया गया।अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पंकज बनर्जी के निधन की खबर फैलते ही राज्य के राजनीतिक हलकों में शोक की लहर फैल गई। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्विट कर उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सोमेन मित्रा और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर चौधरी समेत अन्य नेताओं ने भी पंकज बनर्जी के निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके परिवार के प्रति संवेदन जताई। हालांकि परिजनों के शव लेकर घर पहुंचने पर पारिवारिक चिकित्सक ने शरीर में स्पंदन होने की बात कही। इसलिए उन्हें दोबारा अस्पताल में ले जाया गया। अस्पताल में उनके शरीर को कुछ देर तक दोबारा गहन परीक्षण किया गया। लेकिन शाम को चिकित्सकों ने अंतत: उन्हें मृत घोषित कर दिया।उनकी एकमात्र बेटी के विदेश से लौटने तक शव को पीस हेवेन में संरक्षित रखा गया है। अपने शुरूआती राजनीतिक जीवन में पंकज बनर्जी कांग्रेस के नेता थे। लेकिन ममता बनर्जी के कांग्रेस छोड़ने पर वह भी उनके साथ आ गए। वह तृणमूल कांग्रेस के संस्थापक सदस्यों में थे और ममता के करीबी नेताओं में गिने जाते थे। ममता के निर्देश पर पंकज बनर्जी 2001 में टालीगंज से चुनाव लड़े और जीते।ममता ने उनपर भरोसा किया और विधानसभा में वह तृणमूल कांग्रेस के विपक्ष के नेता चुने गए। हालांकि 1972 में वह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने थे। वह 2001 से लेकर 2006 तक विधानसभा में विपक्ष के नेता थे। लेकिन बाद में किसी मुद्दे पर उनका ममता बनर्जी से मतभेद होने पर उन्होंने तृणमूल कांग्रेस छोड़ दिया। तृणमूल छोड़ने के बाद उन्होंने राजनीति से संन्यास ले लिया। उसके बाद वह सक्रिय राजनीति में नहीं लौटे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *