खुद को क्रिकेटर बताकर एक महीने होटल में ठहरे - News Detail

खुद को क्रिकेटर बताकर एक महीने होटल में ठहरे

देहरादून: हरिद्वार रोड पर रिस्पना पुल के पास स्थित एक होटल में कुछ लोग एक महीने तक ठहरे और आधा पैसा देकर खिसक लिए। होटल की ओर से बकाया भुगतान की मांग की गई तो आरोपितों ने इन्कार मना कर दिया। होटल प्रबंधक ने इस मामले में नेहरू कॉलोनी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश शाह ने बताया कि जेएसआर कॉन्टिनेंट होटल के मुख्य प्रबंधक ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। बताया कि 26 अगस्त को अभिषेक परासर पुत्र नरेंद्र कुमार निवासी कृष्णा नगर, सलेमपुर राजपूताना, हरिद्वार ने होटल में एक कमरा 9000 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से किराये पर बुक कराया था। बताया कि उसके साथ तीन लोग और भी रुके हुए थे। यह सभी खुद को क्रिकेट खिलाड़ी बता रहे थे। उन्होने आरोप लगाते हुए कहा कि युवक दस अक्टूबर तक होटल में ठहरे। जिसका बिल 6,36,568 रुपये हुआ था। लेकिन इसमें से 3,30,800 रुपये का भुगतान उन्होंने कर दिया। 10 अक्टूबर की शाम को आरोपित बिना बताए होटल से चले गए और लौटकर नहीं आए। बताया कि इसके बाद उन्हें फोन कर संपर्क किया तो उन्होंने बकाया राशि का भुगतान जल्द करने का आश्वासन दिया। लेकिन अब तक उन्होंने बकाया 305768 रुपये का भुगतान नहीं किया है और अब उनके फोन भी बंद आ रहे हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *