भागीरथी नदी में कूड़ा डालने पर ईओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज - News Detail

भागीरथी नदी में कूड़ा डालने पर ईओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज

उत्तरकाशी। भागीरथी नदी में कूड़ा डालने के मामले में वन विभाग ने नगर पालिका बाड़ाहाट (उत्तरकाशी) के अधिशासी अधिकारी (ईओ) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही वन विभाग ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।

उत्तरकाशी में नगर पालिका के पास ट्रेचिंग ग्राउंड नहीं है। पालिका पूर्व में जहां कूड़ा डालती आ रही थी, वहां से कूड़ा भागीरथी नदी में बहकर जा रहा था। बीते नवंबर में हाईकोर्ट ने यहां कूड़ा डालने पर रोक लगा दी थी। इसके बाद पालिका आजाद मैदान में कूड़ा डालने लगी। पिछले माह 30 नवंबर की रात नगर पालिका ने आजाद मैदान से कूड़ा ट्रकों में भरा और उसे भागीरथी नदी में उड़ेल दिया।

उत्तरकाशी के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने एडीएम को जांच सौंपी तो शहरी विकास मंत्री ने भी जांच के आदेश दिए।

प्रभागीय वनाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि भागीरथी नदी में जहां कूड़ा फेंका गया, यह स्थान वन प्रभाग के डूंडा रेंज में आता है। इसीलिए वन अधिनियम के तहत  डुंडा रेंज कार्यालय में नगर पालिका बाड़ाहाट के अधिशासी अधिकारी व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि  इस मामले में वन दरोगा को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके बाद चार्जशीट न्यायालय में दाखिल की जाएगी।

दूसरी ओर सोमवार को गंगोत्री विधायक गोपाल रावत ने भी उस क्षेत्र का निरीक्षण किया, जहां से कूड़ा फेंका गया था। विधायक गोपाल रावत ने कहा कि नगर पालिका के अधिकारियों ने स्वच्छता मिशन और गंगा स्वच्छता अभियान का मजाक उड़ाया है। उन्होंने डीएम व एडीएम से कहा कि जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।

सुशील कुमार कुरील (ईओ नगर पालिका बाड़ाहाट) का कहना है कि सफाई निरीक्षक को निर्देश दिए थे कि कूड़े को बडकोट नगर पालिका के ट्रंचिंग ग्राउंड में डाला जाए। लेकिन, नालूपानी के क्षेत्र में कैसे कूड़ा डाला गया। इस पर सफाई निरीक्षक का जवाब तलब किया गया है। इस मामले में जिलाधिकारी नगर पालिका बड़कोट के ट्रंचिंग ग्राउंड में डालने के निर्देश दिए थे। वन विभाग की ओर से उनके खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी नहीं है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *