बुजुर्ग महिला के नाम का नकली चेक बैंक में लगाकर खाते से निकाले चार लाख 95 हजार आठ सौ रुपये - News Detail

बुजुर्ग महिला के नाम का नकली चेक बैंक में लगाकर खाते से निकाले चार लाख 95 हजार आठ सौ रुपये

देहरादून। ठगों ने बुजुर्ग महिला के नाम का नकली चेक बैंक में लगाकर खाते से चार लाख 95 हजार आठ सौ रुपये निकाल लिए। यह रकम ठगों ने यूपी के एक खाते में ट्रांसफर की है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर ठगों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस बैंक कर्मचारियों से पूछताछ के साथ बैंक की सीसीटीवी फुटेज भी चेक कर रही है। जिस खाते में रकम ट्रांसफर की गई है, उसे भी फ्रीज करवा दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, रंजीत कौर (72 वर्ष) पत्नी महेंद निवासी रेसकोर्स का यूको बैंक की रेसकोर्स शाखा में खाता है। गुरुवार को जब रंजीत कौर अपने खाते में एंट्री कराने बैंक पहुंचीं तो उन्हें पता चला कि उनके खाते से किसी ने 4,95,800 रुपये निकाल लिए हैं। इस संबंध में जब बैंक से पूछताछ की गई तो पता चला कि 10 दिसंबर को किसी ने चेक से एनईएफटी के माध्यम से यह राशि किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर की गई है, जबकि न तो पीड़िता ने किसी को चेक दिया था और न ही किसी को पैसे निकालने के कहा था। इसके बाद उन्होंने जब चेक के संबंध में जांच-पड़ताल की तो पता चला कि जिस चेक से पैसे ट्रांसफर हुए है, वह मूल चेक उन्हीं के पास है।

इसके बाद पीड़िता ने इसकी शिकायत नेहरू कॉलोनी पुलिस से की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले में बैंक कर्मचारियों से पूछताछ के साथ ही बैंक की सीसीटीवी फुटेज खंगाली है। बताया जा रहा है कि फुटेज में दस दिसंबर को एक युवती चेक के साथ नजर आ रही है। पुलिस ने युवती की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही जिस बैंक में रुपये ट्रांसफर हुए हैं, उसे फ्रीज करवा दिया है। बताया जा रहा है कि ठगों ने खाते से डेढ़ लाख रुपये निकाल भी लिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *