अमित शाह बोले- 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा पहले

मुंबई। भाजपा को विश्‍वास है कि 2019 लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी पहले से ज्‍यादा सीटें जीतकर सत्‍ता में आएगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में शिरकत की। यहां एंकर के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि महागठबंधन का कोई अस्तित्व नहीं है, यह एक भ्रांति है।देश के लोगों को आज मजबूर नहीं, बल्कि मजबूत सरकार चाहिए।2019 में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर महागठबंधन को लेकर राजनीतिक हलकों में काफी उठापटक हो रही है। लेकिन अमित शाह ने कहा, ‘देखिए, महागठबंधन के राजनैतिक दल केवल अपने-अपने राज्यों तक सीमित हैं। मध्यप्रदेश में चंद्रबाबू नायडू, महाराष्ट्र में ममता दीदी कितना प्रभाव डाल सकती हैं? महागठबंधन के राजनैतिक दल दूसरे राज्यों में प्रभाव नहीं डाल पाएंगे हम 2014 के चुनाव में इन सभी दलों को हरा कर सत्ता में आए थे। नॉर्थ ईस्ट राज्यों में कांग्रेस साफ़ हो चुकी है।’उन्‍होंने कहा कि आम चुनाव में हम (बीजेपी) अच्छा प्रदर्शन करेंगे। चुनाव हमारे लिए सिर्फ सरकार बनाने का जरिया नहीं है। हम चुनाव को लोक संपर्क का एक माध्यम मानते है। राज्यों के चुनाव अलग मुद्दों पर लड़े जाते हैं और लोकसभा के चुनाव अलग मुद्दों पर। 2019 का चुनाव 2014 से पहले और बाद का भारत के मुद्दे पर होने जा रहा है। देश की जनता को मज़बूत सरकार चाहिए या मज़बूर सरकार चाहिए।’स्‍वास्‍थ्‍य क्षेत्र में मोदी सरकार के द्वारा किए गए काम को विपक्ष नकारता रहा है। लेकिन अमित शाह ने बताया, ‘तीन महीने में 6 लाख लोग इस जन आरोग्‍य योजना का लाभ उठा चुके हैं। हर गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाए गए हैं। हर गांव तक बिजली पहुंच गई है। यह नेतृत्‍व का ही फल है कि हम ये सब कर पाए हैं।’कांग्रेस पर हमला बोलते हुए अमित शाह ने बताया कि राजा-महाराजाओं के लोकतंत्र नहीं होता था। तब राजा का बेटा ही सिंहासन का उत्‍तराधिकारी होता था। फिर चाहे बेटे में राजा बनने की काबिलियत हो या नहीं। आज भी कई पार्टियों में ऐसी ही स्थिति बनी हुई है, जहां पार्टी अध्‍यक्ष का बेटा ही अगला अध्‍यक्ष बनता है। उन्‍होंने कहा कि आज भी देश में दो दर्जन से ज्‍यादा पार्टियां ऐसी हैं। लेकिन भाजपा ने इस रीत को तोड़ा है, इसका फायदा हमें मिला है। 2019 में भाजपा पहले से ज्‍यादा सीट लेकर सत्‍ता में आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *