शिकार के डर से कंजर्वेशन रिजर्व आसन नमभूमि में थर्टी फर्स्‍ट की रात प्रवासी परिंदों को मिलेगी विशेष सुरक्षा

विकासनगर। देश के पहले कंजर्वेशन रिजर्व आसन नमभूमि में थर्टी फर्स्‍ट की रात में प्रवासी परिंदों की विशेष सुरक्षा रहेगी। सुरक्षा के लिए दिन-रात सशस्त्र वन कर्मी गश्त करेंगे, जबकि वन कर्मियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गयी हैं।

बता दें कि दिसंबर 2014 में आसन नमभूमि क्षेत्र में हिमाचल के तीन शिकारियों ने बंदूक से सुर्खाब का शिकार किया था। चकराता वन प्रभाग आसन रेंज की सक्रियता से एक आरोपी को पकड़ लिया गया था, जबकि दो आरोपी बंदूक के साथ फरार हो गए थे। 2014 में नए साल के आसपास ही शिकार की घटना से वन प्रभाग में बैचेनी बढ़ गई थी। डीएफओ कालसी व चकराता सुरेंद्र सिंह के निर्देश पर थर्टी फर्स्‍ट की रात में आसन वेटलैंड में प्रवासी परिंदों की सुरक्षा को विशेष रणनीति बनायी है।

वर्तमान में आसन वेटलैंड में देशी विदेशी 55 प्रजातियों के प्रवास पर मौजूद 5000 परिंदों की सुरक्षा के मद्देनजर जीएमवीएन के आसन पर्यटन स्थल पर जश्न मनाने वाले डीजे नहीं बजा सकेंगे। पर्यटक सिर्फ बोटिंग के साथ ही बर्ड वाचिंग का आनंद ले सकेंगे। आसन नमभूमि में उत्तराखंड के मेहमान बने रंग बिरंगे परिंदे हर किसी के मन को भा रहे हैं। आसन के साथ ही डाकपत्थर बैराज झील को भी परिंदों ने नया आशियाना बनाया है। मड टापू पर कतारबद्ध बैठे परिंदे देख हर किसी का मन उन्हें कैमरे में कैद करने को कर रहा है। पक्षी प्रेमी दूरबीन साथ लेकर भी आ रहे हैं।

आसन रेंजर जवाहर सिंह तोमर व वन बीट अधिकारी प्रदीप सक्सेना के अनुसार थर्टी फर्स्‍ट की रात में प्रवासी परिंदों का शिकार न हो सके। इसको रोकने के लिए चकराता वन प्रभाग की आसन टीम ने सक्रियता बढ़ा दी है। जीएमवीएन के आसन पर्यटन स्थल पर डीजे प्रतिबंधित रहेगा, जिससे प्रवासी पक्षी परेशान न हों। रात में वन कर्मियों की टीम गश्त के दौरान इस बात का ख्याल रखेगी कि आसन नमभूमि के आसपास कोई तेज शोरगुल न हो, ताकि प्रवासी परिंदे डिस्टर्ब न हो सकें।

ये परिंदें बन चुके हैं उत्तराखंड के मेहमान

वर्तमान में आसन नमभूमि में ग्रेट क्रेस्टेड ग्रीब, बार हेडेड गीज, पर्पल स्वेप हेन, फेरीजिनस पोचार्ड, मार्क हेरियर, ब्राइनी काइट, मार्टिन, स्वैलो रिंग फ्लोवर, नार्दन पिनटेल्स, इरोशियन विजन, कोम्ब डक, नार्दन पिनटेल्स, इरोशियन विजन, कामन किंगफिशर, व्हाइड थ्रोटेड किंगफिशर, पाइड किंगफिशर, रेड नेक्ड आइबीज, इंडियन पांड हेरोन, पर्पल हेरोन, ब्लैक विंग्ड सिल्ट, कामन कूट, कामन पोचार्ड, टफ्टेड, रुडीशेलडक, हार्नबिल, रेड क्रसटेड, मलार्ड, गैडवाल, ग्रे हेरोन, लिटिल ग्रेब, स्पाट बिलडक, इंडियन कोरमोरेंट, ग्रेट कोरमोरेंट प्रजातियों के 5000 परिंदे प्रवास हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *