पुलिस ने 14 पेटी देशी शराब के साथ एक तस्कर को किया गिरफ्तार - News Detail

पुलिस ने 14 पेटी देशी शराब के साथ एक तस्कर को किया गिरफ्तार

ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में अवैध शराब की तस्करी का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोतवाली पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर देशी शराब की 14 पेटी बरामद की। वहीं, बार लाइसेंस के खिलाफ महिलाओं ने धरना दिया।

कोतवाली पुलिस के मुताबिक सुबह तहसील चौक के समीप वाहनों की चेकिंग के दौरान एक ओमनी कार को रोका गया। कार से 14 पेटी देशी  शराब बरामद की गई। इसकी कीमत करीब 80 हजार रुपए है।

पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में नरेंद्र सिंह चौहान पुत्र स्वर्गीय नत्थू सिंह चौहान निवासी गली नंबर 11 गंगा नगर ऋषिकेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक शराब के खिलाफ अभियान को जारी रखा जाएगा।

बार लाइसेंस के खिलाफ महिलाओं का धरना

आबकारी विभाग की ओर से तीर्थनगरी ऋषिकेश में होटलों को बार लाइसेंस दिए जाने के विरोध में मैत्री स्वयंसेवी संस्था ने कड़ा विरोध जताते हुए धरना दिया। त्रिवेणी घाट पर मैत्री स्वयंसेवी संस्था की अध्यक्ष कुसुम जोशी के नेतृत्व में विभिन्न संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने गंगा से सटे होटलों में मांस-मदिरा की बिक्री एवं बार खुलने का कड़ा विरोध जताया।

संस्था की अध्य्क्ष कुसुम जोशी ने बताया कि आबकारी विभाग से गंगा से सटे होटलों में बार लाइसेंस दिया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इस कारण तीर्थनगरी के धार्मिक महत्वता खत्म हो रही है।

धरना देने वालों में सुनीता उनियाल, सुधीर लखेड़ा, सुरेश उनियाल, उर्मिला डिमरी, सुषमा राणा, उषा डोभाल, अनीता उनियाल, रोशन, रेखा सेमवाल, माया, रोशनी राणा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *