फ़िल्म ‘मणिकर्णिका’ ने दूसरे दिन कलेक्शंस में 100 फ़ीसदी से अधिक लिया उछाल, बनाया रिकॉर्ड

मुंबई। झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की जीवन गाथा पर बनी कंगना रनौत की फ़िल्म ‘मणिकर्णिका- द क्वीन ऑफ़ झांसी’ ने गणतंत्र दिवस की छुट्टी पर गदर मचा दिया है। 26 जनवरी को फ़िल्म के कलेक्शंस ने 100 फ़ीसदी से अधिक उछाल लिया और दो दिनों में ही 26 करोड़ से अधिक जमा कर लिये हैं।

25 जनवरी को सिनेमाघरों में पहुंची ‘मणिकर्णिका’ हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में देशभर में 3000 स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी है, जबकि ओवरसीज़ में 50 से अधिक देशों में 700 स्क्रींस पर उतारी गयी है। पहले दिन फ़िल्म के कलेक्शंस उम्मीद से कुछ कम रहे और ₹8.75 करोड़ जुटाए, मगर दूसरे दिन तो जैसे सैलाब आ गया। फ़िल्म ने शनिवार को ₹18.10 करोड़ का ज़बर्दस्त कलेक्शन बॉक्स ऑफ़िस पर किया है, जिसे मिलाकर दो दिनों की कमाई ₹26.85 करोड़ हो गयी है। यह राशि हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं को मिलाकर है।

इसके साथ ही ‘मणिकर्णिका’ ने रिकॉर्ड भी बना लिया हैं। फ़िल्म देश में किसी भी सिंगल डे पर सबसे अधिक कमाई करने वाली वुमन सेंट्रिक फ़िल्म बन गयी है, वहीं कंगना ने अपनी ही फ़िल्म ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’ का दूसरे दिन सबसे अधिक कमाई करने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। ट्रेड सूत्रों के अनुसार, सिनेमाघरों में ‘मणिकर्णिका’ की दूसरे दिन ऑक्यूपेंसी 90-95 फ़ीसदी रही है। रविवार को भी फ़िल्म के कलेक्शंस में यही तेज़ी रहने के अनुमान लगाये जा रहे हैं। जानकारों का मानना है कि रविवार को ‘मणिकर्णिका’ के कलेक्शंस ₹20 करोड़ तक जा सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो ओपनिंग वीकेंड में ही फ़िल्म ₹45 करोड़ के आस-पास कमा लेगी।

‘मणिकर्णिका’ कंगना का डायरेक्टोरियल डेब्यू भी बन गयी है। साउथ इंडियन डायरेक्टर राधा कृष्ण जगरलामुदी (कृष) के साथ कंगना ने फ़िल्म निर्देशित की है। फ़िल्म की कहानी रानी लक्ष्मी बाई के बारे में बुंदेलखंड क्षेत्र में मशहूर लोक गाथाओं और ऐतिहासिक तथ्यों के आधार पर लिखी गयी है। स्टोरी और स्क्रीन प्ले केवी विजयेंद्र प्रसाद ने लिखे हैं, जो ‘बाहुबली’ जैसी बेहद कामयाब सीरीज़ लिख चुके हैं।

फ़िल्म में बंगाली कलाकार जिशु सेनगुप्ता ने राजा गंगाधर राव नवलकर का रोल निभाया है। अतुल कुलकर्णी तात्या टोपे के रोल में हैं, जबकि मोहम्मद ज़ीशान अय्यूब सदाशिव राव के किरदार में हैं। यह रोल पहले सोनू सूद निभा रहे थे, मगर कुछ भाग शूट करने के बाद उन्होंने फ़िल्म छोड़ दी थी। सुरेश ओबेरॉय बिठूर के पेशवा बाजीराव के रोल में हैं। फ़िल्म का नरेशन अमिताभ बच्चन ने किया है। संवाद और गीत प्रसून जोशी ने लिखे हैं। मणिकर्णिका को ज़ी स्टूडियो और कमल जैन ने प्रोड्यूस किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *