विवाह समारोह में हुआ विवाद, घरातियों ने बरातियों को जमकर पीटा

अल्मोड़ा। विकासखंड भैंसियाछाना में विवाह समारोह के दौरान हुए विवाद ने फसाद का रूप धारण कर लिया। पहले कन्या पक्ष के लोगों ने रात में बरातियों की जमकर धुनाई की। दूसरे दिन कन्या के भाई की शादी में उन्हीं घरातियों को पहले दिन के कुछ बरातियों को जमकर पीट दिया। फिलहाल मामले की कहीं रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। मामला विकास खंड भैंसियाछाना का है।

विकासखंड के दशों गांव में गुरुवार को सत्यों गांव निवासी देव सिंह के बेटे सूरज सिंह की बरात गई हुई थी। बरात के गांव में पहुंचने के बाद सभी वैवाहिक कार्य विधिवत हो रहे थे। खाना खाने के बाद डीजे पर डांस शुरू हुआ तो बरातियों और घरातियों के बीच विवाद पैदा हो गया। जिसके चलते दशों गांव के लोगों ने सत्यों के बरातियों की जमकर धुनाई कर दी। घरातियों और बरातियों के बीच रात में जमकर संघर्ष हुआ और जैसे तैसे बराती अपनी जान बचाकर रात में ही वहां से लौट गए। शुक्रवार को वधू के भाई की बारात भैंसियाछाना विकासखंड के ही चनोली गांव गई हुई थी। जैसे ही बरात गांव में पास पहुंची सत्यों के करीब एक दर्जन से अधिक युवा वहां पहुंचे और कुछ बरातियों की जमकर पिटाई कर दी। बड़े बुजुर्गो ने जैसे-तैसे मामले को शांत किया और हमलावर वहां से भाग गए। विवाद के बीच जैसे-तैसे शादी की रस्म पूरी कराई गई। इस हादसे के बाद विवाह समारोह की खुशियां जैसे नदारद सी हो गई।

पूनम राज (राजस्व उपनिरीक्षक, भैंसियाछाना) का कहना है कि  विवाह समारोह में मारपीट के मामले में राजस्व पुलिस में किसी भी पक्ष द्वारा कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। फिर भी मामले की जानकारी ली जा रही है। जांच में अगर कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *