दून ने भी महसूस की विमानों की गड़गड़ाहट

देहरादून। पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकी कैंपों का सफाया करने वाले भारतीय वायुसेना के विमानों की गर्जना दून ने भी सुनी। वहीं, एयर सर्जिकल स्ट्राइक से दून में खुशी की लहर है। लोगों ने एकसाथ होली और दीपावली मनाई।मंगलवार सुबह वायु सेना के विमानों की आवाज से कई लोगों की नींद टूटी। पर कुछ ने इसे बादलों की गड़गड़ाहट समझा। वहीं कुछ वायु सेना का युद्धाभ्यास मान बैठे। इसे लेकर तमाम तरह की अटकलें लगती रहीं। सुबह मीडिया में एयर बाद स्ट्राइक की खबर आने के बाद ही लोगों को सच्चाई का इल्म हुआ। जिसके बाद इन चर्चाओं ने एकाएक जोर पकड़ लिया।कई लोगों ने तो इसे लेकर फेसबुक पर पोस्ट व वीडियो भी शेयर किए हैं। क्लेमेनटाउन निवासी भाजपा नेता महेश पांडे ने बताया कि उनकी पत्नी ने करीब ढाई बजे उन्हें उठाया। उन्हें बताया कि आसमान में तेज गड़ड़ाहट सुनाई दे रही है। आसमान की तरफ देखा तो कुछ रोशनी जैसी दिखाई दी। ऐसी आवाज आ रही थी जैसे किसी फाइटर प्लेन की आती है। नेमी रोड निवासी सुप्रिया व कनिष्क चंढोक ने इसका एक वीडियो शेयर किया है। यह वीडियो करीब ढाई से तीन बजे के बीच बना है। इसमें आसमान में तेज रोशनी दिखाई पड़ रही है। उन्हें समझ नहीं आया कि यह है क्या। कहा कि तेज गडग़ड़ाहट व रोशनी देख लगा कि यह फाइटर प्लेन या कुछ और है। उन्हें लगा कि यह किसी तरह का युद्धाभ्यास है। सुबह टीवी देखकर पता लगा कि भारतीय वायुसेना ने पाक अधिकृत कश्मीर में बमबारी की है। तब समझ में आया कि माजरा क्या था।40 सीआरपीएफ जवानों की शहादत से देशभर में गमगीन माहौल था। इस कायराना हमले के बाद देश में कही भी खुशियां नहीं मनाई गईं। इसके बाद मंगलवार को भारतीय वायु सेना ने जिस बहादुरी का परिचय दिया। उससे देश के सभी बूढ़े व जवान का सीना गर्व से चौड़ा हो गया।पखवाड़े भर से गम और गुस्से में उबल रहे दून समेत पूरा उत्तराखंड मंगलवार को जश्न में डूब गया। सुबह जैसे ही लोगों ने समाचारों के लिए टीवी ऑन किया। भारतीय वायु सेना की जांबाजी की खबर देखते ही लोग भारत माता की जय के नारे लगाते हुए सड़कों पर निकल आए।बच्चे, बूढ़े और जवानों के साथ ही महिलाओं का जोश मानो चरम पर पहुंच गया। होली और दीपावली एक साथ मनाई गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *