उत्तराखंड: आंधी के साथ ओले गिरने की आशंका, अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। पारे में कमी से लोगों ने भी राहत की सांस ली है। इस बीच बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ ही पिथौरागढ़ में ऊंची पहाड़ियों पर हिमपात की खबर है। वहीं टिहरी के और कुमाऊं के कुछ इलाकों में तेज हवा भी चली। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश में आंधी के साथ ओले गिरने की भी आशंका है। मौसम के मिजाज को देखते हुए शासन पहले ही सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दे चुका है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित हुआ। मंगलवार सुबह से ही प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में घने बादल छाए रहे। देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश हुई। मौसम में आए बदलाव से चढ़ते पारे की रफ्तार पर भी अंकुश लगा है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अधिकतम तापमान में औसतन तीन से सात डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बुधवार को मौसम का मिजाज तल्ख हो सकता है। कई इलाकों में आंधी की भी आशंका है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। इसके अलावा ओलावृष्टि के भी आसार बन रहे हैं। आपको बता दें कि सोमवार को उत्तराखंड में पारे में उछाल रहा था। दिन में चटख धूप लोगों को बेचैन करती रही है। देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 37.0 व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि मसूरी का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 25.8 व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *