कार और स्कूटी की टक्कर के बीच बुजुर्ग की मौत,जानिए खबर - News Detail

कार और स्कूटी की टक्कर के बीच बुजुर्ग की मौत,जानिए खबर

देहरादून। मसूरी डायवर्जन के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। वह देहरादून में रामकृष्ण मिशन में सेवादार थे और मूलरूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे। पुलिस ने आरोपित कार चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पंजाब के लुधियाना का रहने वाला कार चालक परिवार के साथ मसूरी घूमने जा रहा था। हादसे के शिकार बुजुर्ग की पहचान सुशांत कुमार घोष पुत्र सृति कुमार निवासी मकान नंबर 72 राजेश्वरनगर राजपुर के रूप में हुई। वह यहां राजपुर रोड स्थित राम कृष्ण सेवा मिशन से जुड़े थे। पुलिस के अनुसार सुशांत सुबह स्कूटी से राजपुर रोड की ओर आ रहे थे। मसूरी डायवर्जन के पास कट से यूटर्न ले ही रहे थे, तभी मसूरी की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक ने गाड़ी रोक दी और बुजुर्ग को अपनी गाड़ी में मैक्स अस्पताल ले गया। इधर, सूचना मिलने पर राजपुर पुलिस मैक्स अस्पताल पहुंची तो पता चला कि सुशांत को मृत घोषित कर दिया गया है। एसओ राजपुर नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि सुशांत के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, कार चालक की पहचान प्रवीण सिंह पुत्र धर्मपाल सिंह निवासी मंडी मुल्लापुर लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है। वह लुधियाना में ही एक प्राइवेट बैंक में नौकरी करते हैं। वह परिवार के साथ मसूरी घूमने जा रहे थे। सुशांत के परिजनों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *