अंतरराष्ट्रीय योग दिवस:देश के अलग-अलग हिस्सों से आई योग की तस्वीरें,प्रधानमंत्री मोदी ने रांची में 40 हजार से ज्यादा लोगों के साथ किया योग

नई दिल्ली।आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का पांचवां साल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड की राजधानी रांची में करीब 40,000 लोगों के साथ विभिन्न आसन किए। भारत सहित विश्व के कई देशों में योग दिवस मनाया गया। इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘क्लाइमेट एक्शन है’। देश के अलग-अलग हिस्सों से योग की तस्वारें सामने आ रही हैं। आईटीबीपी के जवानों ने उत्तरी लद्दाख में 18000 फीट की ऊंचाई पर माइनस 20 डिग्री सेल्सियस तापमान में योग किया।

पांचवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रांची के धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में 40 हजार से ज्यादा लोगों के साथ योग किया। प्रधानमंत्री के साथ झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीपद येसो नाइक और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी भी मौजूद रहे।

 

आईटीबीपी के जवानों ने हिमाचल प्रदेश के रोहतांग दर्रे के नजदीक 14 हजार फुट की ऊंचाई पर माइनस 10 डिग्री तापमान में जबकि सिक्किम में ओपी दोर्जिला के नजदीक 19 हजार फुट की ऊंचाई पर माइनस 15 डिग्री तापमान में योगाभ्‍यास किया। लद्दाख में आईटीबीपी जवानों द्वारा माइनस 20 डिग्री सेल्सियस तापमान में योगाभ्‍यास किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राजपथ पर योगाभ्‍यास किया।

देश के अलग-अलग शहरों में कई केंद्रीय मंत्रियों ने योग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा के रोहतक में योगाभ्‍यास किया। योग गुरु बाबा रामदेव ने महाराष्ट्र के नांदेड़ में लोगों को योग के टिप्‍स दिए। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने दिल्ली विभिन्‍न कार्यक्रमों में हिस्‍सा लिया। वहीं  केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब हमें आधुनिक योग के सफर को शहरों से गांवों की ओर, गरीबों और आदिवासियों के घर ले जाना है। योग को गरीब और आदिवासियों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा क्योंकि बीमारी से सबसे ज्यादा परेशान गरीब ही होता है। बता दें कि पिछले साल योग दिवस पर मुख्य कार्यक्रम देहरादून स्थित फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टिट्यूट में आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में लगभग 50,000 लोगों ने भाग लिया था।

2015 से हुई थी आयोजन की शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर संयुक्त राष्ट्र महासभा ने दिसंबर 2014 में प्रस्ताव पारित किया था कि हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। तब से चार बार यह दिवस पूरे विश्व में मनाया जा चुका है। देश में रांची से पूर्व 2018 में देहरादून, 2017 में लखनऊ, 2016 में चंडीगढ़ और 2015 में नई दिल्ली में इस तरह का वृहत आयोजन हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *