नागरिकता संशोधन कानून पर भाजपा की अहम बैठक आज

देहरादून। नागरिकता संशोधन कानून पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक अहम बैठक हो रही है। शनिवार को दो सत्रों में होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट कर रहे हैं। बैठक में प्रांतीय व केंद्रीय नेता भी उपस्थित हैं।

पहले सत्र में विभिन्न कार्यक्रम प्रमुख, जिलाध्यक्ष, जिला प्रवासी कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। यह सत्र सुबह 11 बजे शुरू हो गया है। दूसरा सत्र अपराह्न एक बजे शुरू होगा। इसमें सांसद, विधायक, मेयर व जिपं अध्यक्ष भाग लेंगे।

सीएए के समर्थन में रैली को भाजपाइयों ने कसी कमर 

नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में 29 दिसंबर को परेड ग्राउंड में आयोजित महारैली को लेकर भाजपाइयों ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में मेयर सुनील उनियाल गामा ने शुक्रवार को पार्षदों के साथ बैठक कर महारैली को सफल बनाने का आह्वान किया। उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर और मसूरी विधायक गणेश जोशी ने भी कार्यकर्ताओं की बैठक ली। नगर निगम सभागार में हुई बैठक में मेयर गामा ने पार्षदों से कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर लोगों में भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं। ऐसे में लोगों को बताना है कि नागरिकता संशोधन कानून से देश के किसी भी व्यक्ति के लिए असुरक्षा को माहौल पैदा नहीं होगा। यह सिर्फ बाहर से आने वाले प्रताड़ित हिंदू, सिख, जैन और पारसी लोगों की सुरक्षा के लिए बनाया गया है। इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट, संघ महानगर कार्यवाह अनिल नंदा, सत्येंद्र सिंह नेगी, पार्षद अजय सिंघल, सतीश कश्यप, अमिता सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *