रेटिंग स्कैम मामले में आज मुंबई पुलिस के सामने पेश होंगे रिपब्लिक टीवी के सीएफओ - News Detail

रेटिंग स्कैम मामले में आज मुंबई पुलिस के सामने पेश होंगे रिपब्लिक टीवी के सीएफओ

टेलीविजन रेटिंग प्वाइंट्स (टीआरपी) से छेड़छाड़ करने वाले कथित रैकेट की जांच के सिलसिले में मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को रिपब्लिक टीवी के मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) शिव सुब्रमण्यम सुंदरम को समन जारी किया। जिसके बाद वह आज यानी शनिवार को मुंबई पुलिस मुख्यालय पहुंचकर जांच में शामिल होंगे।

एक अधिकारी ने बताया कि सुंदरम के अलावा मराठी चैनल ‘फक्त मराठी’ एवं ‘बॉक्स सिनेमा’ और कुछ विज्ञापन एजेंसियों के अकाउंटेंट को भी समन किया गया है। सुंदरम को भेजे समन में कहा गया है, यह मानने का पर्याप्त आधार है कि वह मामले के कुछ तथ्यों और परिस्थितियों से वाकिफ हैं और उनकी पुष्टि करने की जरूरत है।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) मिलिंद भारम्बे ने पुष्टि की कि रिपब्लिक टीवी के सीएफओ को बुलाया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 11 बजे पुलिस मुख्यालय में आने के लिए कहा गया है।

पुलिस ने बताया कि टीआरपी को मापने वाली संस्था बार्क (BARC) ने इस संबंध में हंसा रिसर्च ग्रुप प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी।

समन के अनुसार, यह मानने के उचित आधार हैं कि सुंदरम “मामले के कुछ तथ्यों और परिस्थितियों से परिचित है और उसी का पता लगाने की आवश्यकता है”। बता दें कि मुंबई क्राइम ब्रांच की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट (सीआईयू) नकली टीआरपी रैकेट की जांच कर रही है।

मुंबई पुलिस ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले का खुलासा किया था और इसमें तीन चैनलों के खिलाफ शिकायत मिलने की बात कही थी जिसमें रिपब्ल‍िक टीवी का नाम भी शामिल था। अधिकारियों ने बताया कि इस बात की जांच की जा रही है कि चैनल ने अपनी रेटिंग बढ़ाने के लिए दर्शकों को पैसे दिए ताकि उसे विज्ञापन से ज्यादा आय हो सके।

गुरुवार को पुलिस ने इस मामले में अब तक कुल 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें मराठी चैनल ‘फक्त मराठी’ एवं ‘बॉक्स सिनेमा’ के मालिक भी शामिल हैं। मुंबई के पुलिस आयुक्त परम बीर सिंह ने दावा किया कि रिपब्लिक टीवी सहित तीन चैनलों ने टीआरपी में हेरफेर किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *