राज्य कर्मचारियों को 365 दिन में मिलेंगे 97 अवकाश, पढ़ें 2021 में छुट्टियों की लिस्ट

सरकार ने वर्ष 2021 के अवकाशों की सूची जारी कर दी है। कर्मचारियों को कुल 365 दिन में 97 दिन अवकाश का लाभ मिलेगा। इस बार सरकार ने हरेला को भी सार्वजनिक अवकाश की सूची में शामिल करते हुए कुल 24 सार्वजनिक अवकाश घोषित किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी सूची में सार्वजनिक अवकाश के साथ ही चार अन्य सार्वजनिक अवकाश घोषित किए हैं।

इन चार अन्य सार्वजनिक अवकाश का लाभ विधानसभा और सचिवालय समेत उन कार्यालयों पर लागू नहीं होंगे, जहां पांच दिवसीय सप्ताह लागू है। तीन अवकाश जिलों में जिलाधिकारी के स्तर से स्थानीय पर्व के लिहाज से तय किए जाते हैं। दो निर्बंधित अवकाश कर्मचारी अलग से ले सकते हैं। ये दो अवकाश कर्मचारी 18 निर्बन्धित अवकाश की सूची में से ले सकते हैं।

इसी तरह वर्ष 2021 में 52 रविवार हैं। 12 सैकेंड सैटरडे हैं। सचिवालय और विधानसभा के कर्मचारियों को 52 रविवार के साथ ही 52 शनिवार का भी अवकाश का लाभ मिलेगा। बैंक, ट्रेजरी कर्मचारियों को 24 की जगह सिर्फ 22 ही सार्वजनिक अवकाश का लाभ मिलेगा।

अवकाश के दिन पड़े छह पर्व
इस बार छह सार्वजनिक अवकाश रविवार और शनिवार को हैं। ऐसे में सचिवालय, विधानसभा कर्मचारियों को छह अवकाश अतिरिक्त अवकाश का लाभ नहीं मिलेगा। होलिका दहन, महावीर जयंती, 15 अगस्त, रक्षाबंधन पर्व रविवार को हैं। महात्मा गांधी जयंती, क्रिसमस भी शनिवार को है।

रामनवमी, भैय्यादूज पर सार्वजनिक अवकाश नहीं
इस बार भी सरकार ने हिंदुओं के दो बड़े पर्वों रामनवमी और भैय्यादूज को सार्वजनिक अवकाश की सूची में शामिल नहीं किया है। पिछले साल की तरह इस बार भी इन दोनों अवकाश को निर्बन्धित अवकाश की सूची में शामिल किया है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के कार्यकारी महामंत्री अरुण पांडे, सचिवालय संघ महासचिव राकेश जोशी, राज्य निगम कर्मचारी महासंघ के महासचिव सूर्यप्रकाश राणाकोटी ने सार्वजनिक अवकाश की सूची बढ़ाए जाने की मांग की। कहा कि कई अहम त्यौहारों को इस बार भी सार्वजनिक अवकाश की सूची से बाहर कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *