सल्ट विधानसभा उपचुनाव के लिए आज प्रचार का अंतिम दिन है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत का सल्ट उपचुनाव के लिए प्रचार का कार्यक्रम तय हो गया है। हरीश रावत हेलीकाप्टर से सल्ट जाएंगे और कम से कम तीन जनसभाएं करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि हरीश रावत आज गुरुवार को अपने निवास स्थान से सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। वहां से हेलीकाप्टर से राजकीय इंटर कालेज देवायल सल्ट अल्मोड़ा जाएंगे।
दोपहर पूर्व वे पहली जनसभा पोखरी विधानसभा क्षेत्र में करेंगे। दोपहर बाद हरड़ा मौलिखाल में जनसभा करेंगे और इसके बाद छयाड़ी बगड़ स्याल्दे में जनसभा करेंगे। इसके बाद वे देहरादून वापस लौट आएंगे।
आखिरी दिन भाजपा अपने कई महारथियों को मैदान में उतारेगी। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक, पार्टी प्रभारी दुष्यंत गौतम और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक आज सल्ट उपचुनाव के प्रचार में होंगे। देहरादून पहुंचे भाजपा प्रभारी दुष्यंत गौतम ने दावा किया कि भाजपा सल्ट उपचुनाव भारी मतों से जीत रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। कई योजनाएं शुरू की हैं, जिनसे आम लोगों को फायदा मिला है।