41 साल बाद हॉकी में पदक जीतने पर देवभूमि के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर

टोक्यो ओलंपिक में बुधवार को भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जर्मनी को 5-4 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के ओलंपिक में 41 साल बाद पदक जीतने पर उत्तराखंडवासियों ने जश्न मनाया। पवेलियन मैदान में वर्तमान और पूर्व खिलाड़ियों व अन्य खेल प्रेमियों ने टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताई। उन्होंने मैदान में केक काटा और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर ऐतिहासिक जीत की बधाई दी।

कार्यक्रम में सभी ने भारतीय टीम के यादगार प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि 1980 के बाद अब भारतीय टीम हॉकी में पदक जीतने में कामयाब रही है। इस जीत के बाद पूरे देश में राष्ट्रीय खेल के लिए बेहतर माहौल बनेगा। कई नए खिलाड़ी हॉकी में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित होंगे। पुरुषों और महिलाओं दोनों ने शानदार खेल दिखाया है। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक डीएम लखेड़ा, देवेंद्र बिष्ट, पीसी वर्मा, नवनीत सेठी, बृजेंद्र राणा, उस्मान खान, गुरचरण सिंह, शिव कुमार, सेवा सिंह, आदित्य प्रकाश, प्रेम कुमार, दीपक रावत, सतीश कुमार, अमित कटारिया मौजूद रहे। वहीं, हरिद्वार में भी भारतीय हॉकी टीम के पदक जीतने पर जमकर जश्न मनाया गया। हॉकी प्रेमियों ने आतिशबाजी की और मिठाई बांटी। महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया के परिजनों ने भी मिठाई बांटकर खुशी जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *