नाबालिग बहनों से 10 युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, दो गिरफ्तार

झारखंड के गुमला जिले से एक बार फिर समाज को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां दो नाबालिग बच्चियों के साथ 10 युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म जैसी घिनौनी घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक अन्य आरोपी ने गिरफ्तारी के डर से आत्महत्या कर ली। पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारिब ने बताया कि सामूहिक बलात्कार की घटना 15 अक्तूबर की शाम को हुई। घटना के वक्त आदिवासी लड़कियां अपने 20 वर्षीय चचेरे भाई के साथ दशहरा मेला देखकर गुरदारी थाना क्षेत्र में घर लौट रही थीं।

इसी बीच तीन मोटरसाइकिलों पर सवार 10 आरोपियों ने उन्हें रोका और लड़कियों पर अश्लील टिप्पणी की। युवक के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। हालांकि, वह खुद को किसी तरह उनके चंगुल से छुड़ाने में कामयाब रहा और मदद के लिए अपने गांव चला गया। एसपी ने बताया कि बदमाश दोनों लड़कियों को घसीटकर जंगल में ले गए और बारी-बारी से उनसे दुष्कर्म किया। वकारिब ने बताया कि इसके बाद उन्होंने पीड़ितों को पीटा, उन्हें पास के दूसरे स्थान पर ले गए और फिर से उनके साथ दुष्कर्म किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *