पहाड़ से मैदान तक खिली चटख धूप, चारधाम यात्रा सुचारू - News Detail

पहाड़ से मैदान तक खिली चटख धूप, चारधाम यात्रा सुचारू

उत्तराखंड में आज मौसम साफ बना हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान चटख धूप खिली है। वहीं, चारधाम यात्रा भी सुचारू है। यमुनोत्री हाईवे पर जानकी चट्टी से पैदल मार्ग पर आवाजाही सुचारू है। आज मंगलवार को सुबह से अभी तक 350 यात्रियो ने मां यमुना के दर्शन किए। यमुना के पुजारी कुलदीप उनियाल व जानकी चट्टी पुलिस चौकी इंचार्ज गंभीर तोमर ने बताया कि दोपहर तक यात्रियों की आवाजाही मे बढ़ोतरी होती है।

हेलंग-उर्गम मोटर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। सड़क खुलने पर स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। हालांकि अब भी किमी पांच जीरो बैंड पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। यहां सड़क के पांच किलोमीटर हिस्से में भूस्खलन हो रहा है। 17 अक्तूबर को भारी बारिश के दौरान उर्गम मोटर मार्ग बाधित हो गया था। 25 अक्तूबर को देर शाम सड़क पर यातायात सुचारु हो गया। ब्लॉक प्रमुख जोशीमठ हरीश परमार, प्रधान संगठन के अध्यक्ष अनूप सिंह, ग्राम प्रधान देवग्राम देवेंद्र रावत, उप प्रधान चंद्रप्रकाश नेगी, उर्गम प्रधान मिंकल देवी, भर्की प्रधान मंजू देवी और जनदेश संस्था के सचिव लक्ष्मण नेगी ने कहा कि दस साल पहले इस सड़क का निर्माण हुआ था। लेकिन आज तक सड़क की स्थिति को सुधारा नहीं गया है। सड़क पर कहीं पुश्ते नहीं हैं तो कहीं नाली नहीं है। उर्गम घाटी में पंचम केदार कल्पेश्वर और पंच बदरी में ध्यानबदरी मंदिर स्थित है, जिससे यहां पर्यटकों और तीर्थयात्रियों की वर्षभर आवाजाही बनी रहती है। साथ ही इस सड़क से उर्गम घाटी की करीब 15 हजार आबादी जुड़ी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *