17 साल की लड़की हुई गर्भवती, दृष्टिबाधित माता-पिता से छुपाया

केरल के मलाप्पुरम में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 17 साल की लड़की प्रेमी के साथ कथित शारीरिक संबंध के बाद गर्भवती हुई और घर में ही यूट्यूब वीडियो देखकर बच्चे को जन्म दिया। परिवारवालों को इसकी भनक तक नहीं लगी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। वहीं, आरोपी प्रेमी के खिलाफ पॉक्सो ऐक्ट के तहत केस दर्ज करके मां और बच्ची को मंजेरी के राजकीय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दोनों स्वस्थ्य हैं। पुलिस ने बताया कि लड़की और उसके बच्चे की देखभाल आरोपी का परिवार कर रहा है लेकिन वह (पुलिस) इसे दुष्कर्म के मामले के तौर पर ले रही है क्योंकि उसकी उम्र केवल 17 साल है। युवक को पॉस्को एक्ट और आईपीसी की धारा-376 (दुष्कर्म) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि यह मामला जिले के कोट्टाकल पुलिस थाने के अंतर्गत आया है। उन्होंने बताया कि लड़की ने 20 अक्तूबर को अपने घर में ही यूट्यूब देखकर बच्चे को जन्म दिया और उसका गर्भनाल काटा। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में खुलासा हुआ कि उसने प्रसव के दौरान कोई बाहरी मदद नहीं ली है। उन्होंने बताया कि लड़की के माता-पिता को घटना की जानकारी 22 अक्तूबर को तब हुई जब उन्होंने बच्चे के रोने की आवाज सुनी। दरअसल, लड़की 12वीं कक्षा में पढ़ती है। उसके माता-पिता दृष्टिबाधित हैं, इसलिए उन्हें बच्ची के गर्भवती होने का पता नहीं चला। लड़की और 21 साल के युवक के बीच कुछ समय से प्रेम संबंध चल रहा था। लड़की की 18 साल उम्र होने पर दोनों की शादी करने की योजना थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *