राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने फटकारी लाठियां

देहरादून में सचिवालय कूच के दौरान राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी (सत्य) के कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प हो गई। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने लाठियां फटकारीं। इसमें लगभग आठ कार्यकर्ता चोटिल हुए और कुछ लहूलुहान भी हुए हैं। जिन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाना पड़ा। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

उत्तराखंड की औद्योगिक इकाइयों में 70 प्रतिशत राज्य के मूल निवासियों को रोजगार देने का नियम जल्द लागू करने और बेरोजगारी भत्ता समेत विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने परेड ग्राउंड से सचिवालय कूच किया।

पुलिस ने कार्यकर्ताओं को सुभाष रोड पर पुलिस मुख्यालय से पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। वहां पहले से ही बैरिकेडिंग पर पुलिस ने सचिवालय कूच कर रही प्रदर्शनकारी भोजन माताओं को भी रोका हुआ था, जो वहीं धरने पर बैठी थीं। राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी के कार्यकर्ताओं के वहां पहुंचने पर अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग से आगे जाने की कोशिश करने लगे। जिस पर पुलिस और कार्यकर्ताओं में तीखी नोकझोंक होने लगी। इस पर पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठियां फटकार दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *