आज आगरा पहुंचेगा शहीद पृथ्वी सिंह का पार्थिव शरीर

कुन्नूर हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद हुए विंग कमांडर शहीद पृथ्वी सिंह चौहान का पार्थिव शरीर शुक्रवार को आगरा पहुंचेगा। जिलाधिकारी प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिजनों के मुताबिक पोइया घाट स्थित श्मशान घाट पर शहीद पृथ्वी सिंह पंचतत्व में विलीन होंगे। शहीद के शव को लेने के लिए परिजन दिल्ली रवाना हो गए हैं।

विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान आगरा के सरन नगर (दयालबाग) के रहने वाले थे। सीडीएस बिपिन रावत के साथ वह भी बुधवार को हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद हो गए थे। उनके निधन से सरन नगर की हर आंख नम है, गली में मातम छाया हुआ है। उनके निधन की खबर मिलने के बाद से ही उनके घर सांत्वना देने वाले के लिए लोग पहुंच रहे हैं।

सरन नगर कॉलोनी का होनहार पृथ्वी अब इस दुनिया में नहीं रहा। पड़ोसी उनकी सादगी और जांबाजी के किस्से साझा कर रहे थे। रुंधे गले से रिश्तेदार उसकी बचपन की यादों में बार-बार खो जाते थे। बृहस्पतिवार को दिनभर घर पर लोगों का आना-जाना लगा रहा। लोगों ने शहीद की तस्वीर के आगे पुष्प अर्पित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *