रायबरेली में मुश्किल में कांग्रेस, प्रियंका ने संभाला मोर्चा

दशकों से कांग्रेस और गांधी-नेहरू परिवार का गढ़ रहे रायबरेली जिले में भी पार्टी इस बार कमजोर नजर आ रही है। सोनिया गांधी रायबरेली से सांसद हैं, लेकिन पार्टी की लगभग हर सीट पर दावेदारी कमजोर है। एक तरफ रायबरेली में अदिति सिंह भाजपा के टिकट पर उतरकर मजबूत चुनौती पेश कर रही हैं तो वहीं हरचंदपुर से राकेश सिंह भी अब भगवा दल के हो चले हैं। ऊंचाहार में सपा नेता मनोज पांडेय तीसरी बार विधायक बनने के लिए उतरे हैं। यहां भी मनोज पांडेय को कांग्रेस से ज्यादा भाजपा ही चुनौती देने की स्थिति में है। यही वजह है कि अब मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र में प्रियंका गांधी एक्टिव हो गई हैं। प्रियंका गांधी ने रायबरेली में प्रचार किया और भाजपा पर राजधर्म भूलने का आरोप लगाते हुए आम आदमी की उपेक्षा का आरोप लगाया। इसके साथ ही उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे गांधी परिवार से दशकों पुराने अपने रिश्ते को न भुलाए। रायबरेली की कुल 6 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने 2017 में कुल दो सीटें रायबरेली और हरचंदपुर की जीती थीं। रायबरेली में अखिलेश सिंह की बेटी अदिति को जीत मिली थी और अब वह भाजपा के साथ हैं। उनके पिता इस सीट से निर्दलीय और पीस पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर भी जीते थे। साफ है कि यह सीट कांग्रेस से ज्यादा अदिति के परिवार का गढ़ है। इसीलिए भाजपा की संभावनाएं यहां मजबूत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *