उत्तराखंड में विधायक दल की मीटिंग कल - News Detail

उत्तराखंड में विधायक दल की मीटिंग कल

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर से पूर्ण बहुमत मिला है। इसके बाद से भाजपा में मुख्यमंत्री के चयन के लिए माथापच्ची का दौर जारी है। उत्तराखंड के नेताओं की दिल्ली दौड़ लग रही है। मुख्यमंत्री के नाम को लेकर बने सस्पेंस के बीच कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक अचानक दिल्ली कूच कर गए।

उत्तराखंड के कार्यवाहक सीएम पुष्कर सिंह धामी, पार्टी नेता मदन कौशिक और रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर सरकार गठन पर चर्चा करने पहुंचे। दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बैठक सम्पन्न होने के बाद कार्यवाहक सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड भाजपा विधायक दल की बैठक कल शाम देहरादून में होगी। मैं अब देहरादून के लिए रवाना हो रहा हूं।

वहीं मदन कौशिक ने बताया कि सभी नेताओं से सुझाव लिए गए है। कल बैठक में नेता का नाम तय होगा। सबसे पहले प्रोटेम स्पीकर शपथ लेंगे। फिर विधानसभा में विधायकों की शपथ होगी। बता दें, उत्तराखंड में आज होने वाली विधायक दल की बैठक को टाल दिया गया था। दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक संपन्न होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री निशंक के घर पर बैठक हुई।
मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सस्पेंस बरकरार है। चर्चाओं में कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सबसे आगे हैं। उनके अलावा विधायकों में कद्दावार नेता सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत और ऋतु खंडूड़ी के नाम की भी चर्चा है। एक नाम लैंसडौन के विधायक दिलीप सिंह रावत का भी चर्चाओं में शामिल हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *