प्रसूता की मौत, अस्पताल में बदला नाम

गुरुवार शाम को एक एनजीओ के माध्यम से भर्ती कराई गई थी महिला

देहरादून: सिनर्जी अस्पताल में बीते गुरुवार रात ऑपरेशन से प्रसव के दौरान एक महिला की मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने शव शनिवार को परिजनों को सौंपा। घर जाकर परिजनों ने देखा की शव पर शिवांगी जैन के नाम का टैग लगा हुआ है, जबकि महिला का नाम स्मृति जायसवाल था। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ जया बलूनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जो तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।1पुलिस के मुताबिक स्मृति जायसवाल (29) पत्नी रविंद्र कुमार जायसवाल निवासी ग्रीन व्यू कॉलोनी बलवीर रोड की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। रविंद्र लंबे समय से बीमार है। इसलिए वह सुरक्षित प्रसव के लिए एक स्वयं सेवी संस्था के संपर्क में थी। गुरुवार शाम प्रसव पीड़ा होने पर संस्था के जरिये उसे सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आपरेशन के दौरान बेटी को जन्म देने के बाद उसकी मौत हो गई। स्मृति की मौत की सूचना रविंद्र ने अपने ससुराल वालों को दी। ससुराल वाले राद्रूपुर धूमनगंज (इलाहाबाद) में रहते हैं। सीओ जया बलूनी ने बताया कि शनिवार को स्मृति के परिजन देहरादून पहुंचे और सिनर्जी अस्पताल जाकर स्मृति के शव लिया। जब वह शव लेकर पति के घर पहुंचे तो उनकी नजर शव पर लगे टैग पर पड़ी। इसमें स्मृति जायसवाल के नाम के बजाए किसी शिवांगी जैन (49) के नाम का टैग था।

एनजीओ की तलाश में जुटी पुलिस

इलाहाबाद से आए स्मृति के भाई मोंटू ने बताया कि उसकी बहन कुछ दिनों से स्वयंसेवी संस्था के संपर्क में थी। संस्था ने आश्वासन दिया था कि अच्छे अस्पताल में उसका प्रसव कराएंगे और पैसे भी दिलाएंगे। सीओ डालनवाला जया बलूनी ने बताया कि संस्था के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। कैंट पुलिस को अस्पताल जाकर स्मृति के प्रसव से संबंधित सभी जानकारी जुटाने को कहा गया है।

सरोगेसी व बाल तस्करी का भी शक

अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि महिला को स्मृति के नाम से भर्ती कराया गया था या शिवांगी जैन के नाम से। ऐसे में मामले को लेकर सरोगेसी अथवा बाल तस्करी से जोड़कर भी देखा जा रहा है। सीओ ने बताया कि मामले की हर पहलु से जांच की जा रही है। सवाल यह भी है कि आर्थिक रूप से कमजोर इस महिला को एनजीओ ने क्यों महंगे अस्पताल में भर्ती कराया।

अर्चना नाम की महिला ने कराया था भर्ती

प्रसूता स्मृति जायसवाल की मौत के मामले में अर्चना जैन नाम की एक महिला का नाम सामने आया है। पुलिस के मुताबिक अर्चना जैन 20-25 दिन पहले सिनर्जी अस्पताल में स्मृति को दिखाने भी लेकर गई थी। अर्चना ने ही उसे गुरुवार को अपनी छोटी बहन बताकर अस्पताल में भर्ती भी कराया था। सीओ जया बलूनी ने बताया कि अर्चना के पते के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *