पांच राज्यों में भारी वर्षा का कहर, मध्यप्रदेश, यूपी, उत्तराखंड, हिमाचल के कई इलाके जलमग्न - News Detail

पांच राज्यों में भारी वर्षा का कहर, मध्यप्रदेश, यूपी, उत्तराखंड, हिमाचल के कई इलाके जलमग्न

देश के कई राज्यों में हो रही भारी वर्षा से नदी-नाले उफान पर हैं और कई शहरों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। सबसे बुरा हाल मध्यप्रदेश, राजस्थान, हिमाचल, उत्तराखंड और यूपी के कुछ इलाकों का है। मध्यप्रदेश व राजस्थान के कई शहरों में स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। भारी बारिश के साथ तेज हवाओं से व्यापक नुकसान की खबर है। पेड़ उखड़कर बिजली लाइनों पर गिरने से बत्ती गुल होने व सड़क मार्ग बंद होने की भी खबरें आ रही हैं। कई इलाके जलमग्न हो गए हैं।

मध्यप्रदेश के 39 जिलों में रेड अलर्ट, भोपाल बना ताल, कई इलाके जलमग्न
मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश के 39 जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। आगामी 24 घंटे में भोपाल में भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। भोपाल में बीते 24 घंटों में करीब 8 इंच बारिश दर्ज की गई है। बारिश के कहर के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त है। अति भारी बारिश और तेज हवा के कारण कई जगहों पर पेड़ धराशायी हो गए हैं। भोपाल के कई हिस्सों में बिजली बंद कर दी गई है। सीएम आवास के पास श्यामला हिल्स स्थित वर्धमान अपार्टमेंट के पास एक पेड़ कार पर जा गिरा, जिससे कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

बीते 24 घंटों में मध्यप्रदेश के अलावा  उत्तराखंड, झारखंड, ओडिशा व यूपी के भी कई क्षेत्रों में बारिश से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड व हिमाचल में हुई भारी बारिश के कारण गंगा-यमुना में उफान आने से यूपी के वाराणसी व प्रयागराज में किनारे की बस्तियों में पानी भर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *