दून में सड़क हादसों में तीन की मौत - News Detail

दून में सड़क हादसों में तीन की मौत

देहरादून। राजधानी देहरादून में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों समेत एक युवती की मौत हो गई। पहली घटना के अनुसार दिनांक 03/12/17 की साँय थाना नेहरु कोलोनी को सूचना मिली कि हरिद्वार बाईपास रोड पर पुरानी बाईपास चौकी के पास एक बस और स्कूटी की टक्कर हो गई है, जिसमें स्कूटी सवार युवक व युवती गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

उक्त सूचना पर चौकी बाईपास से चौकी प्रभारी बाईपास मय पुलिस बल के तत्काल मौके पर पहुंचे तथा स्कूटी सवार युवक व युवती को उपचार हेतु  अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा दोनों को मृत घोषित कर दिया। युवक की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान चिनार बसर पुत्र मच्छी बसर निवासी ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा युवती की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

मृतक युवक उत्तराखंड कॉलेज ऑफ बायोमेडिकल, सेवला खुर्द, सहारनपुर रोड से बीएससी एग्रीकल्चर का छात्र था। पुलिस द्वारा दोनो मृतकों के शवों को दून अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मौके से बस को कब्जे में लेकर बस चालक को हिरासत में लिया गया है। युवती की शिनाख्त हेतु आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। अग्रिम कार्यवाही प्रचलित है।

वहीं शनिवार की रात घटित हुई एक सड़क दुर्घटना में एक युवक बुरी तरह से जख्मी हो गया।  रात्रि 3:05 बजे चौकी प्रभारी झाझरा जोनल चेकिंग मैं बालाजी मंदिर से अडवाणी पुल को जा रहा थे, तो सड़क किनारे नाली में एक बाइक संख्या  UK07BU 3002 दुर्घटनाग्रस्त होकर गिरी थी और एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा था, जिसके  सिर पर चोट लगी थी।

चौकी प्रभारी झाझरा द्वारा तत्काल 108 एम्बुलेंस से घायल व्यक्ति को प्रेमनगर अस्पताल भिजवाया गया। जिसे अस्पताल में चिकित्सक द्वारा मृत घोषित किया गया। उक्त व्यक्ति की जेब से मिले मोबाइल से जानकारी की गई तो उक्त व्यक्ति की पहचान आकाश राय पुत्र सागर राय निवासी सेलाकुई के रूप में हुई। पुलिस द्वारा उसके परिजनों को सूचित किया गया। मृतक के परिजनों के द्वारा बताया गया कि मृतक की सेलाकुई में मीट की दुकान है। पुलिस  द्वारा शव का पंचायतनामा भर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *