नगा लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेगी सरकार : राजनाथ - News Detail

नगा लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेगी सरकार : राजनाथ

किसामा (नगालैंड)। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार नगा लोगों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के वास्ते अपना सर्वश्रेष्ठ देने को लेकर प्रतिबद्ध है। गृह मंत्री ने उग्रवाद की समस्या के स्थायी समाधान के लिए केंद्र सरकार और एनएससीएन-आईएम नेतृत्व के बीच चल रही शांति प्रक्रिया के बारे में जानकारी नहीं दी।

सिंह ने यहां हॉर्नबिल उत्सव में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार नगा लोगों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की ओर प्रतिबद्ध है।’’ राज्य की राजधानी कोहिमा से करीब 12 किलोमीटर दूर नगा विरासत गांव में गृह मंत्री की यह टिप्पणी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की उस टिप्पणी के बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा कि नगालैंड इतिहास बनाने की दहलीज पर है क्योंकि नगा राजनीतिक मुद्दे के अंतिम समझौते पर जल्द ही पहुंचा जाएगा और शांति हासिल की जाएगी।

नगालैंड के राज्यपाल पी बी आचार्य ने 19 सितंबर को कहा था कि विवादास्पद नगा मुद्दे को अगले एक या दो महीने के भीतर हल किया जाएगा। नगालैंड के मुख्यमंत्री टी आर जेलियांग ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि सात दशक से चल रहे नगा राजनीतिक मुद्दे का स्थायी समाधान निकाला जाए। जेलियांग ने कहा कि सभी नगा उग्रवादी समूहों का साथ आना एक स्थायी समाधान निकालने के लिए अच्छा मौका है।

वार्षिक पर्यटन उत्सव में नगा लोगों को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार भारत-म्यामां सीमा पर मुक्त आवागमन फिर से शुरू करने की प्रक्रिया में है ताकि सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को कोई परेशानी ना हो। उन्होंने कहा, ‘‘सीमा पर व्यापार को बढ़ावा देने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। इससे यह भी सुनिश्चित होगा कि सीमा पर गैरकानूनी तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाई जाए।’’

नगालैंड की सीमा म्यामां के साथ लगती है। मुक्त आवागमन के तहत भारत और म्यामां की सीमा पर रह रहे लोगों को बगैर यात्रा दस्तावेज के एक-दूसरे के स्थानों पर जाने की अनुमति होगी। सिंह ने कहा कि नगालैंड के पास पूर्वोत्तर राज्य का शांति, स्थिरता, समृद्धि और वृद्धि के पथ पर नेतृत्व करने का मौका है। गृह मंत्री ने कहा कि नगालैंड को भविष्य की ओर देखना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘अपने समृद्ध प्राकृतिक संसाधनों और प्रतिभावान लोगों के साथ नगालैंड के पास अनंत संभावनाएं हैं। शांति सुनिश्चित करने से आर्थिक वृद्धि, नौकरियों और समृद्धि की क्षमताओं का पता लगाने में मदद मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *