ब्रिटिश राजकुमारी के ब्रोच पहनने से रोष

लंदन। ब्रिटिश राजकुमारी के क्वीन के वार्षिक क्रिसमस भोज में ब्लैकमूर ब्रोच पहनकर जाने से सोशल मीडिया पर रोष व्याप्त हो गया। कुछ लोगों ने इसे ‘‘जातिवादी’’ बताया और राजकुमारी को माफी मांगनी पड़ी। मीडिया की रिपोर्टों में आज यह जानकारी दी गई है। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार केंट की राजकुमारी माइकल, जिन्होंने क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय के पहले चचेरे भाई से शादी की है, बुधवार को ब्लैकमूर ब्रोच पहनकर बकिंघम पैलेस में एक वार्षिक क्रिसमस भोज में शामिल हुई थीं।

ब्लैकमूर ब्रोच 17वीं और 18वीं शताब्दी के समय की कलाकृति है। यह सामान्यत: मूर्ति, आभूषण और कपड़ों पर मिलती है जिन पर अक्सर अश्वेत पुरूषों और महिलाओं को दास के रूप में दर्शाया जाता है। रिपोर्ट के अनुसार क्रिसमस के इस भोज में प्रिंस हैरी की मंगेतर, मेघन मार्कले भी मेहमान थी, जिनकी मां अश्वेत थी। सोशल मीडिया पर राजकुमारी की निंदा होने पर उन्हें माफी मांगनी पड़ी।

राजकुमारी के प्रवक्ता सिमोन एस्टायरे के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है राजकुमारी बहुत दुखी और परेशान हैं। उन्होंने कहा, ”यह ब्रोच एक उपहार था और इससे पहले इसे कई बार पहना जा चुका है। राजकुमारी इससे बहुत दुखी है कि उनसे यह अपराध हुआ।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *