बहादराबाद / जटवाड़ा पुल, हरिद्वार के पास डूबे युवक का शव SDRF ने किया बरामद

बहादराबाद : SDRF उत्तराखंड टीम द्वारा लगातार चलाए जा रहे सर्च अभियान के दौरान जटवाड़ा पुल क्षेत्र में गंगा नदी में डूबे युवक का शव पथरी पावर हाउस से आगे किस्ती नहर, बहादराबाद क्षेत्र से बरामद किया गया। SDRF टीम द्वारा अथक प्रयास एवं गहन सर्चिंग के उपरांत शव को बाहर निकालकर आवश्यक कार्यवाही हेतु सिविल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि दिनांक 16 मई 2026 को समय लगभग 19:30 बजे SDRF टीम बहादराबाद को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि ज्वालापुर क्षेत्र स्थित जटवाड़ा पुल के समीप एक युवक गंगा नदी में डूब गया है। सूचना प्राप्त होते ही SDRF टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची तथा सर्च एवं रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया गया। डूबे हुए युवक की पहचान विजेंद्र पोखरियाल पुत्र राजेंद्र पोखरियाल, उम्र 25 वर्ष, निवासी घोड़ीयाना, कंदलैख, जनपद पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई। घटनास्थल पर अत्यधिक अंधेरा एवं नदी के तेज बहाव के बावजूद SDRF टीम द्वारा संभावित क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग की गई, किन्तु प्रारंभिक अभियान में युवक का कोई पता नहीं चल पाया। इसके उपरांत SI आशीष त्यागी के नेतृत्व में SDRF टीम द्वारा 17 एवं 18 मई 2026 को भी संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान डीप डाइविंग सहित उपलब्ध सभी संसाधनों एवं तकनीकी माध्यमों का उपयोग करते हुए व्यापक स्तर पर खोजबीन की गई। लगातार तीन दिनों तक SDRF टीम द्वारा विषम परिस्थितियों में निरंतर प्रयास जारी रखे गए, जिसके परिणामस्वरूप आज युवक का शव बरामद किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *