अजबपुर कला में आठ बीघा में की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर चला एमडीडीए का बुलडोजर

देहरादून । मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत विकास कार्यों के खिलाफ अपने अभियान को और तेज करते हुए मंगलवार को अजबपुर कला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने सरस्वती विहार, अजबपुर कला में लगभग आठ बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से किए गए विकास कार्यों को हटाया गया तथा आमजन को जागरूक करने के लिए स्थल पर सूचना पट्ट भी लगाया गया।

एमडीडीए के अनुसार प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों और अवैध प्लॉटिंग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में सरस्वती विहार, अजबपुर कला में नौटियाल एवं कटियार द्वारा लगभग आठ बीघा भूमि पर नियमों के विपरीत प्लॉटिंग किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। मामले की जांच कराए जाने पर प्रथम दृष्टया प्लॉटिंग अवैध पाई गई, जिसके बाद संयुक्त सचिव प्रत्यूष सिंह के निर्देश पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई गई। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध प्लॉटिंग से संबंधित सीमांकन और अन्य विकास कार्यों को हटाया। साथ ही स्थल पर सूचना पट्ट स्थापित कर स्पष्ट किया गया कि उक्त भूमि पर की जा रही प्लॉटिंग विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के बिना की जा रही थी। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की अवैध प्लॉटिंग न केवल विकास प्राधिकरण के नियमों का उल्लंघन है, बल्कि भविष्य में भूखंड खरीदने वाले लोगों के लिए भी गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है। यह कार्रवाई सहायक अभियंता निशांत कुकरेती, अवर अभियंता जयदीप राणा, सुपरवाइजर तथा अन्य प्राधिकरण कर्मियों की मौजूदगी में संपन्न हुई। एमडीडीए की इस कार्रवाई को शहर में अनियोजित विकास पर अंकुश लगाने और नियमबद्ध शहरी विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

एमडीडीए का कहना है कि बिना ले-आउट स्वीकृति और आवश्यक अनुमतियों के विकसित की जा रही कॉलोनियों में निवेश करने वाले लोगों को बाद में कानूनी और वित्तीय समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे मामलों में लोगों की जीवनभर की जमा पूंजी जोखिम में पड़ जाती है। इसी को देखते हुए प्राधिकरण लगातार अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई कर रहा है और आमजन को जागरूक भी कर रहा है। प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूखंड, मकान या संपत्ति की खरीद-फरोख्त से पूर्व संबंधित विकास प्राधिकरण अथवा सक्षम प्राधिकारी से उसकी वैधानिक स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। बिना अनुमोदन वाली योजनाओं में निवेश करने से आर्थिक नुकसान की आशंका बनी रहती है। एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध प्लॉटिंग, अनधिकृत कॉलोनियों और नियम विरुद्ध निर्माण कार्यों के खिलाफ भविष्य में भी अभियान जारी रहेगा। किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई- बंशीधर तिवारी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग, अनधिकृत कॉलोनियों और नियम विरुद्ध निर्माण कार्यों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अजबपुर कला में की गई कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि नियोजित एवं सुव्यवस्थित शहरी विकास सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। आमजन को किसी भी प्रकार की संपत्ति खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य करनी चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सचिव मोहन सिंह बर्निया ने दी चेतावनी
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी भूमि या भूखंड में निवेश करने से पहले एमडीडीए से उसकी वैधता की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *