इतिहास रचने जा रहा है पहला बैच: रेखा आर्या - News Detail

इतिहास रचने जा रहा है पहला बैच: रेखा आर्या

  • प्रथम बैच के छात्रों से खेल मंत्री रेखा आर्या ने साधा सीधा संवाद
  • स्पोर्ट्स साइंस, मैनेजमेंट और कोचिंग के छात्रों से खेल मंत्री ने जानीं उनकी आकांक्षाएं
  • मैदान से लेकर आधुनिक तकनीक तक, करियर की नई ऊंचाइयों पर हुई विस्तृत चर्चा

हल्द्वानी। राज्य के पहले खेल विश्वविद्यालय के शिलान्यास समारोह से पूर्व खेल मंत्री रेखा आर्या ने विश्वविद्यालय के प्रथम शैक्षणिक सत्र में प्रवेश लेने वाले लगभग 150 विद्यार्थियों के साथ एक आत्मीय एवं संवादपूर्ण सत्र में भाग लिया।इस दौरान खेल मंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें ऐतिहासिक प्रथम बैच का हिस्सा बनने पर बधाई दी।संवाद कार्यक्रम के दौरान खेल मंत्री ने ‘बैचलर इन स्पोर्ट्स साइंस’, ‘बैचलर इन स्पोर्ट्स मैनेजमेंट’ और ‘डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग’ के विद्यार्थियों से सीधे प्रश्न पूछे और उनके सुझाव व विचार जाने। खेल मंत्री रेखा आर्या ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि आधुनिक दौर में खेल केवल मैदान पर दौड़ने-खेलने तक सीमित नहीं रह गया है। बायोमैकेनिक्स, स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन, इंजरी प्रिवेंशन और स्पोर्ट्स मार्केटिंग जैसे विषय आज खेल जगत की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स साइंस और स्पोर्ट्स मैनेजमेंट जैसे पाठ्यक्रम खिलाड़ियों के प्रदर्शन को वैज्ञानिक आधार देंगे और राज्य में खेल प्रशासन को पेशेवर बनाएंगे।
छात्रों में दिखा अभूतपूर्व उत्साह
‘डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग’ और अन्य पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने खेल मंत्री से अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि राज्य में ही आधुनिक स्पोर्ट्स साइंस लैब, अत्याधुनिक एथलेटिक ट्रैक, इंडोर कॉम्प्लेक्स और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोचों का मार्गदर्शन मिलना उनके लिए एक सपने के सच होने जैसा है। खेल मंत्री ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल वैज्ञानिकों, फिजियोथेरेपिस्टों और विशेषज्ञों की टीम तैनात की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम बैच के ये विद्यार्थी न केवल इतिहास रच रहे हैं, बल्कि भविष्य में देवभूमि और देश के खेल परिदृश्य की दिशा तय करने में मुख्य भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *