विद्यालयों में विकसित भारत की तस्वीरें उकेरेंगे छात्र-छात्राएं: डॉ धन सिंह रावत

  • सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यालयों में आयोजित होंगे भाषण, चित्रकला, निबंध, रंगोली एवं युवा संवाद कार्यक्रम
  • कहा, 7 अक्टूबर को सभी स्कूलों में मनाया जायेगा ‘गढ़भोज’ कार्यक्रम, परोसे जाएंगे स्थानीय पारंपरिक व्यंजन

देहरादून। प्रदेशभर के राजकीय एवं निजी विद्यालयों में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए भाषण, चित्रकला, निबंध, रंगोली एवं युवा संवाद सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए संबंधित जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्राथमिक शिक्षा निदेशालय स्थित विद्या समीक्षा केंद्र के सभागार में विभागीय समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विद्यालय में 26 सितम्बर को भाषण तथा 28 सितम्बर को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राएं विकसित भारत की परिकल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित करेंगे। विजेता प्रतिभागी जनपद एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान किये जाएंगे।
डॉ. रावत ने कहा कि रंगोली प्रतियोगिता बालिका इंटर कॉलेजों में तथा युवा संवाद कार्यक्रम प्रत्येक ब्लॉक अथवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन जनपदों को भी पृथक रूप से पुरस्कृत किया जाएगा।
7 अक्टूबर को विद्यालयों में आयोजित होगा गढ़भोज कार्यक्रम
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ रावत ने कहा कि आगामी 7 अक्टूबर को प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयों एवं छात्रावासों में गढ़भोज कार्यक्रम व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। पीएम पोषण योजना के तहत छात्र-छात्राओं को पहाड़ी एवं स्थानीय पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उत्तराखंड की समृद्ध खान-पान परंपरा, संस्कृति एवं स्थानीय उत्पादों से जोड़ना है। कार्यक्रम के आयोजन के लिए सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं।
उच्चीकृत विद्यालयों में इसी सत्र से शुरू हों कक्षाएं
समीक्षा बैठक में डॉ. रावत ने नवीन उच्चीकृत विद्यालयों में इसी शैक्षणिक सत्र से कक्षाओं का संचालन एवं छात्र-छात्राओं के प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के आगणन शासन को शीघ्र उपलब्ध कराने तथा समग्र शिक्षा के अंतर्गत विद्यार्थियों को मिलने वाली निःशुल्क स्कूल ड्रेस, जूते एवं बैग की धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में शीघ्र भेजने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये। इसके अलावा छात्रों को भारत दर्शन एवं राज्य दर्शन कार्यक्रम के तहत शैक्षणिक भ्रमण पर भेजने के लिए अभी से तैयारी करने को कहा।
बैठक में अपर सचिव विद्यालयी शिक्षा नमामि बंसल, महानिदेशक शिक्षा आकांक्षा कोंडे, निदेशक माध्यमिक वी.पी. सिमल्टी, निदेशक प्राथमिक के.एस. रावत, उप निदेशक जे.पी. काला, मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून गोविंद राम जायसवाल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। जबकि अन्य जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *