राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में मनाया गया गढ़भोज दिवस,परोसी गई भट्ट की चुड़कानी और झंगोरे की खीर - News Detail

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में मनाया गया गढ़भोज दिवस,परोसी गई भट्ट की चुड़कानी और झंगोरे की खीर

चमोली: चमोली जनपद में पोखरी विकासखंड के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में बुधवार को गढ़भोज दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर छात्राओं को उत्तराखंड के पारंपरिक एवं पौष्टिक व्यंजन भट्ट की चुड़कानी और झंगोरे की खीर परोसी गई। कार्यक्रम से पहले छात्राओं को उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी मोटे अनाज मिलेट्स तथा इनके पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी गई। छात्राओं ने वाद-विवाद, भाषण और जनजागरूकता रैली के माध्यम से पारंपरिक अनाज एवं स्थानीय खान-पान को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य गंभीर सिंह असवाल ने बताया कि उत्तराखंड में वर्ष 2022 से प्रत्येक वर्ष 7 अक्टूबर को गढ़भोज दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य मंडुवा, झंगोरा सहित पारंपरिक पहाड़ी फसलों और स्थानीय व्यंजनों को प्रोत्साहित करना, स्थानीय किसानों की उपज को बाजार उपलब्ध कराना तथा पहाड़ी भोजन को रोजगार और आर्थिकी का माध्यम बनाना है। साथ ही लोगों को पारंपरिक व्यंजनों के पोषण एवं स्वास्थ्य लाभों से परिचित कराना और उत्तराखंड की समृद्ध खाद्य संस्कृति को संरक्षित करना भी इसका उद्देश्य है। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाओं विजयालक्ष्मी रावत, रेखा पटवाल राणा, पूनम रानी नेगी, इंदु आर्य, पुष्पा नेगी, प्राची राणा, सविता राज, विशेष्वरी सजवाण, पूजा गोस्वामी, दामिनी, कार्यालय कर्मचारी रेखा सती, दिव्या थपलियाल तथा भोजन माताओं सुमन देवी और माहेश्वरी देवी ने छात्राओं को गढ़भोज के तहत स्वादिष्ट एवं पौष्टिक पारंपरिक व्यंजन परोसे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *