देहरादून । भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश भर में 1 नवम्बर से 18 नवम्बर 2026 तक भगवान बिरसा मुण्डा के जन्मदिवस पर प्रदेशभर के जनजातीय क्षेत्रो में चलाये जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा के संबध में काबिना मंत्री खजानदास ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों की बैठक ली तथा भारत सरकार द्वारा तय कार्यक्रमानुसार आयोजन के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये।
स्मरणीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार द्वारा वर्ष 2021 मे महान क्रान्तिकारी व राष्ट्रवादी जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा जी के जन्म जयन्ती 15 नवम्बर को ” जनजातीय गौरव दिवस” घोषित किया है। मंत्री दास द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस पर 15 नवम्बर को प्रदेश में एक विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा जिसके लिये स्थान का चयन बाद में किया जायेगा। दास ने बताया कि प्रदेश भर में 1 से 18 नवम्बर तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, मन्त्रालय द्वारा किये गये सुधारों, जनजातीय विरासत, महान जनजातीय नायकों का योगदान पर प्रदर्शनी, जनजातीय कला, संस्कृति, नृत्य, संगीत, शिल्प कला पर कार्यशाला, सांस्कृतिक कार्यक्रम, चित्रकला कहानी लेखन एंव कविता प्रतियोगितायें, निबंध, लघु लेख एव फोटोग्राफी, पांरम्परिक कला-शिल्प एंव प्रदर्शन, क्विज एंव स्लोगन, जनजातीय उपलब्धि, सम्मान एंव सामुदायिक जनसम्पर्क कार्यक्रम, मुख्य जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम एंव पुष्पांजलि समारोह सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किये जाने है। बैठक में सचिव समाज कल्याण डा० श्रीधर बाबू अदांकी, अपर सचिव बिक्रम सिंह यादव, निदेशक जनजाति संजय टोलिया सहित अनेक अधिकारी मौजुद रहे।