देहरादून । उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास पुस्तिका-2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया। इसमें राज्य की विकास योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य के लक्ष्यों का ब्यौरा दिया गया है। इस दौरान CM धामी ने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में हो रहे कार्यों का भी जिक्र किया।
उत्तराखंड के राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को देहरादून के गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज, गढ़ी कैंट में विशेष समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका-2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पुस्तिका उत्तराखंड की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तिका जनता के सामने सरकार के कामकाज का हिसाब रखने के साथ भविष्य की जिम्मेदारियों का भी एहसास कराती है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों और बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण जनता के लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। राज्य आंदोलन में मातृशक्ति की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में अलग उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हुआ। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
CM धामी ने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ केवल योजनाएं बनाना और आंकड़े प्रस्तुत करना नहीं है, बल्कि इसका लाभ आम नागरिक के जीवन में दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि गांव तक सड़क पहुंचने से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती हैं। स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं मिलने से बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार पैदा होने से पलायन की समस्या कम करने में मदद मिलती है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, सरकार का उद्देश्य लोगों की मुश्किलें कम करना और प्रत्येक परिवार का भविष्य बेहतर बनाना है।
चारधाम ऑल वेदर रोड और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना राज्य के विकास को नई गति दे रही हैं।
इसके साथ ही हवाई और हेली सेवाओं का विस्तार होने से दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर हो रही है। इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लक्ष्य के साथ प्रयास किए जा रहे हैं।
देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर जैसी सुविधाओं के विकास से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
G-20 और राष्ट्रीय खेलों से उत्तराखंड को मिली पहचान
CM धामी ने कहा कि उत्तराखंड में G-20 बैठकों के सफल आयोजन से प्रदेश को वैश्विक पहचान मिली। वहीं, 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन ने राज्य की खेल प्रतिभाओं और आयोजन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
उन्होंने मानसखंड मंदिर ,माला मिशन, शीतकालीन यात्रा और नए पर्यटन स्थलों के विकास का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार पर्यटन को पूरे साल रोजगार और आजीविका से जोड़ना चाहती है, ताकि इसका लाभ स्थानीय लोगों, होमस्टे संचालकों और छोटे कारोबारियों तक पहुंचे।