धर्मनगरी हरिद्वार में कच्चे मांस की बिक्री पर लगेगी रोक - News Detail

धर्मनगरी हरिद्वार में कच्चे मांस की बिक्री पर लगेगी रोक

हरिद्वार: धर्मनगरी में मांस कारोबार को लेकर नगर निगम ने अब तक का सबसे बड़ा कदम उठाया है। शहर के जिन हिस्सों में अब तक मांस बिक्री पर प्रतिबंध लागू नहीं था, उनमें ज्वालापुर के छूटे हुए इलाके भी शामिल हैं। अब इन इलाकों को भी प्रतिबंध के दायरे में लाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। नगर निगम की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित होने के बाद नई उपविधि प्रकाशन के लिए भेज दी गई है। इसके प्रकाशित होते ही पूरे नगर निगम क्षेत्र में कच्चे मांस की बिक्री पर रोक प्रभावी हो जाएगी। नगर निगम ने इसके लिए ‘नगर निगम हरिद्वार (मांस विक्रय प्रतिबंध) उपविधि-2026’ तैयार की है। इसके दायरे में केवल मांस की दुकानें ही नहीं, बल्कि कच्चे मांस का भंडारण, उसे बिक्री के लिए प्रदर्शित करना और ऑनलाइन माध्यम से घरों तक पहुंचाना भी शामिल किया गया है। मोबाइल ऐप और अन्य डिजिटल मंचों के जरिए होने वाली मांस की आपूर्ति पर भी रोक रहेगी। यानी उपविधि लागू होने के बाद कारोबार के पारंपरिक और डिजिटल, दोनों रास्ते बंद हो जाएंगे।
नियमों को हल्के में लेना कारोबारियों को महंगा पड़ेगा। पहली बार उल्लंघन पर 50 हजार रुपये और दूसरी बार एक लाख रुपये आर्थिक दंड का प्रावधान किया गया है। ऑनलाइन माध्यम से प्रतिबंधित आपूर्ति करने वाली कंपनियों पर पहली बार एक लाख और दूसरी बार तीन लाख रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकेगा। जरूरत पड़ने पर संबंधित प्रतिष्ठान को सील करने और अन्य कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान है।
सराय में तैयार दुकानों से बदलेगा कारोबार का ठिकाना
प्रतिबंध लागू करने के साथ ही नगर निगम ने मांस कारोबारियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार की है। सराय में दुकानें बनकर तैयार हैं और इनके आवंटन के लिए नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कारोबारियों को निर्धारित स्थल पर स्थानांतरित करने की योजना है। नई उपविधि में भी नगर निगम सीमा से बाहर निगम द्वारा निर्धारित स्थान पर निर्मित दुकानों के लिए आवेदन करने की व्यवस्था रखी गई है। उपविधि के पालन की जिम्मेदारी नगर निगम के अधिकृत अधिकारियों, मुख्य सफाई निरीक्षक और प्रवर्तन दल को दी जाएगी। इन्हें निरीक्षण, प्रतिबंधित सामग्री जब्त करने और उल्लंघन पर कार्रवाई करने का अधिकार होगा। फिलहाल उपविधि प्रकाशन की प्रक्रिया में है। इसके प्रकाशित होने के बाद ज्वालापुर समेत नगर निगम के सभी क्षेत्रों में एक समान प्रतिबंध लागू हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *