नशे में चूर डॉक्टर कर रहा था मरीजों का इलाज - News Detail

नशे में चूर डॉक्टर कर रहा था मरीजों का इलाज

गैरसैंण: शील नर्सिग होम बरेली की ओर से पीपीपी मोड पर संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरसैंण का विवादों से पीछा नहीं छूट रहा है। शनिवार को अस्पताल में तैनात एक चिकित्सक नशे की हालत में रोगियों की जांच व उपचार कर रहा था। जिसके बाद वहां हंगामा खड़ा हो गया। मामले को लेकर अस्पताल के प्रबंधक मुजाहिद खान ने कहा कि संबधित चिकित्सक को नोटिस जारी कर दिया गया है और नर्सिग होम के उच्चाधिकारियों के सामने चिकित्सक को हटाने की मांग रखी गई है। दरअसल, गैरसैंण व्यापार संघ महामंत्री धनीराम टम्टा को एक रोगी के तीमारदार ने चिकित्सक के नशे में होने की सूचना दी। जिस पर धनीराम ओपीडी पर्ची को लेकर चिकित्सक कक्ष में पहुंचे। अस्पताल प्रबंधन को व्यापार संघ महामंत्री के मंसूबे की भनक लगी तो तत्काल चिकित्सक को कक्ष से कहीं और भेज दिया गया। इसको लेकर अस्पताल प्रबंधक के साथ जनप्रतिनिधियों की जमकर नोकझोंक हो गई। इस बीच नगर पंचायत सभासद पुष्कर सिंह रावत भी अस्पताल पहुंचे और वहां हंगामा शुरू हो गया। व्यापार संघ महामंत्री धनीराम टम्टा ने बताया कि बहस के दौरान अस्पताल प्रबंधन ने चिकित्सक का नशे में होना स्वीकार किया और चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *