बधाई मांगने पहुंचे किन्नरों के दो गुटों में जमकर हुई मारपीट - News Detail

बधाई मांगने पहुंचे किन्नरों के दो गुटों में जमकर हुई मारपीट

देहरादून।  बधाई मांगने को लेकर किन्नरों के दो गुट आमने सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच खूब मारपिटाई भी हुई। इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आईं। मौके पर किन्नर नेता रजनी रावत और किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी भी पहुंच गई। किसी तरह पुलिस ने पुलिस ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया और दोनों पक्षों को चौकी ले आई। पुलिस ने पीड़ित किन्नरों की तहरीर पर दूसरे पक्ष के तीन किन्नरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। बता दें कि किन्नरों और ट्रांसजेंडरों के विवाद को लेकर भी किन्नर समुदाय काफी दिनों से चर्चा में बना हुआ है।

ब्रहस्पतिवार को किन्नरों के दो समुदाय ही आमने सामने आ गए। बात इंदिरा नगर क्षेत्र में बधाई मांगने लेकर था। इंदिरा नगर चौकी इंचार्ज ने बताया कि यहां सचिन उर्फ निशा गुट के किन्नर एक घर में बधाई मांगने पहुंचे थे। इस बीच किसी ने दूसरे गुट के किन्नरों को इस बात की सूचना दे दी। इस पर दूसरे गुट के किन्नरों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।

आरोप है कि सचिन गुट के किन्नर उनकी सीमाओं का अतिक्रमण कर रहे हैं। जबकि, उनके लिए बधाई मांगने को दूसरा क्षेत्र निर्धारित किया गया है। विवाद बढ़ता देख वहां पर रजनी रावत और महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी भी पहुंच गईं। उनके सामने भी दोनों पक्ष आपस में मारपीट करते रहे। कुछ देर बाद पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर विवाद शांत कराया। मारपिटाई में किन्नर रवीना निवासी चक्खुवाला व उसके साथियों को काफी चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए दून अस्पताल भिजवाया गया। इसके बाद रवीना की शिकायत पर किन्नर सचिन उर्फ निशा निवासी शास्त्री नगर खाला, किन्नर रूबी निवासी चक्खुवाला और किन्नर ऋषिपाल निवासी इंद्र्रेशनगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। कुछ देर बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार भी कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *