अमित शाह गुजरात के एक यूनिवर्सिटी में युवाओं को संबोधित करने के बाद पहुंचे उज्‍जैन, किए बाबा महाकाल के दर्शन

नई दिल्‍ली| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को गुजरात के एक यूनिवर्सिटी में युवाओं को संबोधित करने के बाद मध्य प्रदेश के उज्‍जैन पहुंचे। वहां उन्होंने बाबा महाकाल के दरबार में पूजा-अर्चना की। वह यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

इंदौर में अमित शाह के इंदौर हवाईअड्डे पहुंचने पर वरिष्ठ नेताओं ने उनकी अगवानी की। उसके बाद शाह हेलीकॉप्टर से वे उज्जैन रवाना हुए। उज्जैन में उन्होंने बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचकर पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

युवाओं का योगदान महत्‍वपूर्ण
इससे पहले गुजरात के युवाओं को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि देश की प्रगति के लिए युवाओं का योगदान बहुत महत्वपूर्ण है। उन्‍होंने कहा कि हम दुनिया के सबसे विशाल लोकतंत्र हैं। यदि हम 2025 के भारत के बारे में सोचते हैं तो हमें अपने अतीत के अध्‍ययन के साथ वर्तमान के विश्‍लेषण की जरूरत है। उन्‍होंने कहा, ‘2025 के भारत का विचार करना है तो पहले भारत कैसा था और आज कहां है उसपर विचार करना होगा।‘

ऐसा होगा नया भारत
उन्‍होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्‍धियों का उल्‍लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने नए भारत की एक कल्पना देश के सामने रखी है। हमारा नया भारत गंदगी से मुक्‍त, स्वच्छ, संपन्‍न और आतंकवाद के साथ संप्रदायवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण से मुक्त होगा। उन्‍होंने आगे कहा, ‘आधुनिक भारत जातिवाद, भ्रष्‍टाचार और आतंकवाद से आजाद होगा। किसी एक व्यक्ति के पुरुषार्थ से देश आगे नहीं बढ़ सकता है। जब तक देश का पुरुषार्थ एक दिशा में न चले तब तक राष्ट्र का आगे बढ़ना असंभव है। सवा सौ करोड़ लोग अगर सामूहिक रूप से एक दिशा में कदम बढ़ाते हैं तो देश सवा सौ करोड़ कदम आगे बढ़ता है।‘ अमित शाह ने यह भी कहा कि हमारे देश के अर्थतंत्र की गाड़ी पटरी पर नहीं थी। जीडीपी का विकास करीब 6 फीसद पर रुका था वह आज प्रधानमंत्री के नेतृत्‍व में 7.4 हो गया है और भारत दुनिया में सबसे तीव्र गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन गया है।

भाजपा की ओर से जारी कार्यक्रम सूची के अनुसार, शाह महाकाल मंदिर में दर्शन करने के बाद राजमाता विजयाराजे सिंधिया स्टेडियम, नानाखेड़ा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। शाह सभा के बाद जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होकर गेल चौराहा, न्यू इंदिरा नगर, शांति नगर, नीलगंगा, कवेलू कारखाना चौराहा, शास्त्री नगर तक जाएंगे। शाम साढ़े पांच बजे हेलीकाप्टर से इंदौर रवाना होंगे। इंदौर में वे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की माताजी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने उनके निवास जाएंगे और रात आठ बजे वायुयान से इंदौर से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *