दून में भाजपा महानगर कार्यालय में शोक सभा का आयोजन कर विधायक मुन्ना सिंह, विनोद चमोली, खजानदास समेत अन्य नेताओं ने अटल बिहरी को दी श्रद्धांजलि

देहरादून: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर सूबे के अधिकांश स्‍थानों पर शोक सभाएं हुईं। भाजपाइयों, व्यापार मंडल, आम लोगों ने पूर्व पीएम को श्रद्धासुमन अर्पित किए। अधिकांश जगह शोक में व्‍यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखी। देहरादून में भाजपा महानगर कार्यालय में शोक सभा का आयोजन किया गया। भाजपा के विधायक मुन्ना सिंह, विनोद चमोली, खजानदास समेत अन्य नेताओं ने अटल बिहरी को श्रद्धांजलि दी।

वि‍कासनगर में व्यापारियों ने पहाड़ी गली चौक पर शोक सभा की। शोक सभा में जनसंघ में रहे पूर्व पालिकाध्यक्ष चंदन लाल अग्रवाल ने वर्ष 1952 में अटल बिहारी के विकासनगर आने के दौरान के संस्मरण सुनाए। सेलाकुई नगर पंचायत के अंतर्गत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर सहसपुर मंडल भारतीय जनता पार्टी व व्यापार मंडल नगर पंचायत सेलाकुई के पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों द्वारा दुर्गा कांपलेक्स में पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

ऋषिकेश में आयोजित की गई शोक सभा

भारत रत्न भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के द्वारा शोक सभा का आयोजन किया गया। व्यापार सभा भवन में आयोजित शोक सभा में अटलजी के करीबी रहे व्यापार मंडल के प्रांतीय चेयरमैन यशपाल अग्रवाल, व्यापार मंडल के अध्यक्ष जयदत्त शर्मा, व्यापार सभा के अध्यक्ष नवल कपूर आदि ने तीर्थ नगरी से जुड़ी अटल की यादों को ताजा करते हुए कहा कि उनके भीतर कार्यकर्ताओं के प्रति समर्पण भाव इतना अधिक था कि वहां सभी को एक समान भाव से देखते थे। शोक सभा में सुभाष कोहली, श्रवण जैन, ज्योति सजवाण, गोविंद अग्रवाल, प्रदीप कोहली, राजकुमार तलवार, अजय गुप्ता, नरेश अग्रवाल, संजीव कुकरेजा आदि मौजूद रहे।

रुड़की में कांग्रेसियों ने आयोजित की शोक सभा 

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शहर से लेकर देहात तक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। मंगलूर में कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन की ओर से शोक सभा आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। वहीं कचहरी में राष्ट्रीय मानव अधिकार संरक्षण ब्यूरो की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें ब्यूरो प्रभारी नवीन कुमार जैन ने कहा कि देश में एक बड़ा नेता खो दिया है। वहीं भाजपा कार्यालय पर भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विभिन्न स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित कर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए उनको श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

हरिद्वार में सरकारी कार्यालय, शिक्षण संस्थान, बैंक रहे बंद

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन में घोषित राष्ट्रीय शोक के क्रम में आज जिले में सरकारी कार्यालय, शिक्षण संस्थान, बैंकों आदि में अवकाश के चलते हर ओर सन्नाटा है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम और बैठकों को भी निरस्त कर दिया गया है। उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में होने वाले शिक्षक संघ की विवि इकाई का चुनाव जो आज होना था उसे कल के लिए स्थगित कर दिया गया है। वहीं गुरुकुल कांगड़ी विवि में चल चल रही तीन दिवसीय कार्यशाला आज दूसरे दिन के आयोजन को स्थगित कर दिया गया है। अब आयोजन शनिवार किया जाएगा। सरकारी कार्यालय में अवकाश से कई लोगों को लौटकर वापस जाना पड़ा। बैंकों की बंदी से रुपये की जमा और निकासी के लिए लोग एटीएम पर निर्भर हो गए हैं।

द्वाराहाट में दी गई श्रद्धांजलि

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी को अश्रुपूर्ण विदाई दी गई। नगर पंचायत प्रांगण में आयोजित श्रद्धांजलि सभा मे विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्र से भी लोग पहुचे। विधायक महेश नेगी ने भारतीय राजनीति का ध्रुव तारा बताया। कहा कि भारतीय राजनीति में उनकी रिक्तता को कभी नही भरा जा सकेगा। प्रखर वक्ता और ईमानदार राजनीतिज्ञ के रूप में जो छाप उन्होंने छोड़ी, उसे लंबे समय तक याद किया जाएगा। मौके पर ब्लॉक प्रमुख ममता भट्ट,  दीपा चौधरी, ममता भट्ट, गीता चौधरी, घनश्याम भट्ट, उमेश भट्ट, प्रताप बिष्ट, मदनमोहन पांडे, डा डीपी चौधरी विनोद भट्ट, कुंदन नेगी, शेखर डोर्बी, नवीन मैनाली, भूपेंद्र कांडपाल, मुकुल साह, आशीष वर्मा, युगल किशोर आर्य आदि मौजूद रहे। कफड़ा व्यापार मंडल ने भी शोक सभा का आयोजन कर अटल बिहारी बाजपेयी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। मौके पर अध्यक्ष कैलाश कबडवाल, सचिव विनोद भट्ट, कोषाध्यक्ष दीप चंद्र, दिनेश कबडवाल, जीवन चंद्र तिवारी, केशव कबडवाल, बालम रावत आदि रहे। उधर कांग्रेस ने भी अटल को श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें स्वच्छ राजनीति का पुरोधा बताया। मौके पर पूर्व विधायक मदन बिष्ट, पूर्व प्रमुख राजेंद्र किरौला, ब्लॉक अध्यक्ष दिगंबर सिंह बिष्ट, नगर अध्यक्ष कमल साह, नारायण रावत, प्रेम सिंह नेगी, गोविंद अधिकारी, पंकज आर्या, वीरेन नेगी, प्रकाश अधिकारी, अर्जुन बिष्ट, हेम मठपाल, राजेंद्र रौतेला, जगत सिंह, प्रताप रावत आदि मौजूद रहे।

भारतीय राजनीति व कूटनीति के साथ महान कवि थे अटल बिहरी

रानीखेत में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर सभी दलों के लोगों ने श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने अटल को भारतीय राजनीति व कूटनीति के साथ महान कवि बताते हुए कहा उनके जाने से पूरे भारत वर्ष की बड़ी क्षति हुई है। इसकी भरपाई संभव नहीं है। ताड़ीखेत में भाजपा कार्यकर्ताओं व व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने शोक व्यक्त किया। इस दौरान गतात्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर ताड़ीखेत बाजार में शोक सभा हुई। वक्ताओं ने वाजपेयी को प्रखर वक्ता बताया कहा कि उनके नेतृत्व में देश आगे बढ़ा तथा पूरे विश्व में भारत का नाम रोशन हुआ। वक्ताओं ने उनके निधन को देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया। इस दौरान गोपाल सिंह अधिकारी, ध्यान सिंह नेगी, प्रमोद रावत, संजय पांडे, विजय सिंह, खुशाल सिंह रावत, महेंद्र सिंह बिष्ट, श्याम सिंह कुवंर,धीरज रावत, पूरनचंद पडलिया आदि मौजूद रहे। उधर गांधी चौक पर कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ताओं ने शांतिसभा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *