होली के रंग में नहीं रंगेगा ताज

24_03_2016-24taj

आगरा। संगमरमरी ताजमहल पर होली के रंग नहीं पड़ेंगे। त्योहार के दिन स्मारक की सतह को रंगों से बचाने के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। गुरुवार को किसी भी पर्यटक को रंग लेकर ताज के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। जो सैलानी रंग से बिगड़े होंगे, उन्हें स्मारक को छूकर देखने की भी अनुमति नहीं होगी।

होली के पर्व पर गुरुवार को भी ताजमहल निर्धारित समयानुसार खुला रहेगा। ऐसे में एएसआई और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) को ताज पर रंगों के दाग लगने का डर सता रहा है। इसके लिए गुरुवार को सख्ती से चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं, जिससे कोई भी पर्यटक रंग लेकर अंदर न जा सके।

रंगों से बिगड़े सैलानियों को अंदर जाने से तो नहीं रोका जाएगा, परंतु निगरानी की जाएगी कि ताकि वे स्मारक की सतह को छूकर बदरंग न कर दें। इसके लिए मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर मुख्य मकबरे तक एएसआई ने अतिरिक्त कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सीआईएसएफ जवान भी मुस्तैद रहेंगे।

एएसआई अधिकारियों के मुताबिक रंगे हुए हाथों से सैलानी यदि ताज की सतह को छुएंगे, तो वहां रंग लगने की आशंका बनी रहती है। फिर इसे साफ करने में काफी मुश्किल होती है और सतह को रगड़ना पड़ता है। इससे सतह खुरदरी होने या पच्चीकारी के पत्थर निकलने की आशंका बनी रहती है। फिर भी यदि कोई स्मारक की सतह को बदशक्ल करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *