हाथी की गोली लगने से मौत, अज्ञात शिकारियों के खिलाफ कराया गया मुकदमा दर्ज

कलियर, हरिद्वार: खानपुर रेंज में हाथी की गोली लगने से मौत हो गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि उसे शिकारी की गोली लगी होगी। हालांकि, अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद हाथी का शव दफना दिया गया है।

वन विभाग की खानपुर रेंज के डालूवाला गांव के पास गुरुवार सुबह हाथी का शव पड़ा होने की सूचना मिली। डीएफओ आकाश वर्मा की अगुआई में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। मृत हाथी के शरीर में एक गोली लगी थी। उसके घाव को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि गोली काफी नजदीक से मारी गई। डीएफओ आकाश वर्मा ने बताया कि हाथी का शरीर सुबह तक गर्म था। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि कुछ घंटे पहले ही उसे गोली लगी।

डीएफओ ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान हाथी के शव से निकाली गई गोली को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। साथ ही इस सिलसिले में बुग्गावाला थाने में अज्ञात शिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। आशंका जताई जा रही है कि जानवरों का शिकार की नीयत से जंगल में घुसे शिकारियों की गोली लगने से भी हाथी की मौत हुई होगी। फिलहाल, अनुमानों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि खानपुर रेंज में पूर्व में भी जानवरों को मारे जाने के मामले सामने आते रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *