हैदराबाद। हुमायूंनगर के ओवैसीपुरा में रहने वाली 20 साल की नवविवाहिता ने खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके इस खतरनाक कदम का कारण केवल यही था कि उसके मायके में पारिवारिक समारोह में उसे आमंत्रित नहीं किया गया।पुलिस के मुताबिक दो महीने पहले ही महरूम बेगम की शादी हुई थी। यह शादी उसके माता-पिता की मर्जी के खिलाफ हुई थी और जब उसके घर में हुए फंक्शन में आने के लिए इनवाइट नहीं किया गया तो वह बहुत दुखी हुई।पुलिस के मुताबिक, ‘उसे मजहर खान से प्यार हो गया और माता-पिता की मर्जी के खिलाफ उससे दो महीने पहले निकाह कर लिया। तब से परिवार से उसकी दूरी ही थी। तीन दिन पहले उसके परिवार में एक आयोजन हुआ और उसे उसमें नहीं बुलाया गया। वह इससे डिप्रेशन में आ गई और खुद को आग लगा दी। उसके पति ने अपने बयान में यही दावा किया।’