49 पेटी दिल्ली ब्रांड की शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार - News Detail

49 पेटी दिल्ली ब्रांड की शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

देहरादून। निकाय चुनाव के लिए मतदान की तिथि नजदीक आते ही चुनाव में शराब तस्करों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। हाल ही में प्रेमनगर पुलिस की ओर से पकड़ी गई दो सौ पेटी शराब के बाद अब आबकारी विभाग ने भी 49 पेटी दिल्ली ब्रांड की शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया। आबकारी विभाग के मुताबिक यह शराब दून में निकाय चुनाव के लिए विभिन्न लोगों को सप्लाई की जानी थी। विभाग ऐसे लोगों का भी पता लगा रहा है, जिन्हें शराब सप्लाई होनी थी।

जानकारी के मुताबिक आबकारी विभाग के सेक्टर एक और सेक्टर दो प्रभारी संजय रावत और सुजाअत हसन को मुखबिर की ओर से सूचना मिली कि सहरानपुर की ओर से दो वाहनों में शराब लाई जा रही है।

सूचना पर दोनों निरीक्षकों ने टीम के साथ आशारोड़ी चेक पोस्ट पर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान टीम को सहारनपुर की ओर से एक दिल्ली नंबर की कार आती दिखाई दी। टीम ने रोकने का प्रयास किया तो कार चालक ने कार को तेजी से आगे बढ़ा दिया।

इसके बाद टीम ने कार का पीछा कर उसे रोक लिया गया। तलाशी ली गई तो सीट व डिग्गी में दिल्ली ब्रांड की विभिन्न कंपनियों की 396 बोतल अंग्रेजी शराब की बरामद की गई। इसके बाद टीम ने कार सवार सुधीर यादव पुत्र अभय सिंह निवासी ग्राम मंडान हरियाणा व राजकुमार पुत्र महेंद्र सिंह निवासी मलमपुर कंकरखेड़ा मरेठ को गिरफ्तार कर लिया।

तस्करों से जब पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि उनके आगे एक और कार में शराब ले जाई जा रही है। इसके बाद टीम ने हरिद्वार बाईपास रोड पर कारगी चौक से 202 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ मनोज कुमार पुत्र ओम सिंह रावत निवासी केशवपुरी डोईवाला को गिरफ्तार कर लिया।

टीम ने दोनों कारों को सीज कर दिया। आबकारी निरीक्षक सुजाअत हसन ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने चुनाव के लिए दून में ही शराब सप्लाई करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *