देहरादून। वाना प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र के मैनेजर को महिला फेसबुक फ्रेंड के झांसे में आना मंहगा पड़ गया। महिला ने भारत आने और इसके बाद उसे 30 हजार डॉलर देने का झांसा देकर मैनेजर को 92 हजार की चपत लगा दी। साइबर सेल की जांच के बाद थाना राजपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसओ राजपुर अरविंद कुमार ने बताया कि प्रमोद कुमार शर्मा निवासी राजेश्वर नगर देहरादून मैक्स के वाना प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र में मैनेजर हैं। शिकायत में मैनेजर ने बताया कि फेसबुक पर उनकी देविका सिंह नाम की महिला के साथ दोस्ती हुई। उक्त महिला ने उन्हें बताया कि वह विदेश में रहती है और जल्द भारत आ रही है। साथ ही उसने झांसा दिया कि उसके पास 30 हजार यूएस डॉलर हैं। बताया कि दो माह पूर्व उन्हें एक फोन आया।
फोन करने वाले ने खुद को कस्टम अधिकारी बताया। कहा कि उनकी मित्र विदेश से आई है और उनकी कस्टडी में हैं, इनके पास तीस हजार डॉलर हैं। जिनका महिला ब्यौरा नहीं दे पा रही है। फोन करने वाले ने डॉलर और महिला को रिलीज करने लिए 47500 रुपये बैंक खाते में डालने को कहा।
इसके बाद दोबारा 45000 रुपये जमा करने के लिए कहा गया। बताया कि उक्त धनराशि उन्होंने दिए गए अकाउंट में डाल दी । इसके बाद महिला का कोई पता नहीं चला और कथित कस्टम अधिकारी से भी कोई संपर्क नहीं हो पाया। पीड़ित की शिकायत और साइबर सेल की जांच आख्या के बाद राजपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।