कांग्रेसियो को भारत माता की जय बोलने में शर्म आती हैः शाह

धार। कांग्रेस वोटबैंक की चिंता करती है, हमारे लिए भारतमाता की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। हमारा मृत शरीर भी भारतमाता की जयकार सुनकर जी उठेगा, उन्हें भारतमाता की जय बोलने में शर्म आती है। डूब मरो कांग्रेसियो। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को धार जिले के कुक्षी में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस को यह फटकार लगाई। सभा में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के विकास के लिए मोदी-शिवराज का मणिकंचन योग बना है। आप हमें आशीर्वाद दीजिए, हम पांच सालों में प्रदेश को समृद्ध बनाएंगे। सभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि आज प्रचार का आखिरी दिन है और 28 तारीख को मतदान है। उस दिन प्रदेश की जनता यह तय करेगी कि अगले पांच किसकी सरकार रहना है। शाह ने कहा कि आप जब मतदान करने जाएं, तो बंटाढार के जमाने को जरूर याद करें। उन्होंने लोगों से पूछा कि उस दौरान गांवों में 24 घंटे बिजली रहती थी क्या? कभी दो घंटे, तो कभी 3 घंटे बिजली मिल पाती थी। उन्होंने कहा कि रात को अगर भोजन करने में देर हो जाए, तो पता नहीं चलता था कि हाथ किसी चीज पर पड़ रहा है। शाह ने कहा कि बंटाढार ने पूरे प्रदेश को अंधेरे में डुबा दिया था। शिवराज की सरकार बनने के बाद अब हर गांव में 24 घंटे बिजली मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *