बुलेट ट्रेन बना रहे हैं पर जवानों को बुलेट प्रूफ जैकेट नहीं देतेः अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के कारण गरीब, किसान और नौजवान सभी परेशान हैं और भाजपा के लोग अब हिन्दू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद के मुद्दे उछालकर अपनी नाकामियों से ध्यान भटका रहे हैं। फ़िरोज़ाबाद में नगला छवैया के करघा गांव में कारगिल शहीद बृजलाल की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के चलते नौजवान, किसान, गरीब सभी परेशान हैं। वीर सैनिकों को भी पर्याप्त सम्मान नहीं मिला। भाजपा के लोग अब हिन्दू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद के मुद्दे उछालकर अपनी नाकामियों से ध्यान हटा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा की विघटनकारी राजनीति को करारी शिकस्त देकर ही समाज को बंटने और सौहार्द सद्भाव को बचाने का काम हो सकता है। मुलायम ने कहा कि भाजपा की सरकार सिर्फ अपनी पार्टी के नेताओं के लिए काम कर रही हैं। सभी वर्गों के लिए कोई काम नहीं कर रही है। आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना बहुत जरूरी है। भाजपा को समाजवादी पार्टी ही हरा सकती है। हमें एकजुट होकर हर हालत में इसे हटाना होगा। उन्होंने कहा कि जनता जानती है कि जब भी समाजवादी पार्टी की सरकार आती है तो वह किसानों, गरीबों, नौजवानों और महिलाओं के लिए काम करती है। आगामी लोकसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। किसानों, बेरोजगारों, महिलाओं और नौजवानों को समाजवादी पार्टी से बहुत उम्मीदें हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *